भाजपा ने जारी किया आतिशी के खिलाफ नया पोस्टर, आम आदमी पार्टी से बर्खास्त करने की मांग

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘गुरुओं’ के अपमान का आरोप लगाते हुए दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी के खिलाफ नया पोस्टर जारी किया है। भाजपा की दिल्ली इकाई ने कहा कि फरार हुई आतिशी को पार्टी से बर्खास्त करने के बजाय अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान उनके कुकृत्य पर लीपापोती कर रहे हैं।

दिल्ली भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर आतिशी का पोस्टर शेयर किया, जिसमें अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की भी तस्वीर लगाई गई है। पोस्टर पर लिखा है, “सिख गुरुओं का अपमान करने के बाद फरार हुई आतिशी के बचाव में आई ‘आप-दा’।”

इससे पहले, मंगलवार को दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को ‘लापता’ घोषित करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पोस्टर जारी किया था। उन्होंने बयान दिया कि 6 जनवरी को दिल्ली विधानसभा में एक पाप किया गया। एक ऐसा पाप जो देश में संसद के किसी भी सदन में कभी नहीं किया गया। जिसने अपराध किया है, वह फरार है।