17 जन. को आयोजित माथुर चतुर्वेदी परिषद के वार्षिक अधिवेशन व सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर हुई बैठक
दुबई। 17 जनवरी को होने वाले वार्षिक अधिवेशन एवं सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर 12 जनवरी को दुबई शाखा के उपाध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी के आवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दुबई शाखा के संरक्षक मनोज चतुर्वेदी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में परिषद के महामंत्री राकेश तिवारी एडवोकेट तथा कोषाध्यक्ष कमल चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
बैठक में दुबई शाखा के उपाध्यक्ष श्रीकांत चतुर्वेदी ने अधिवेशन की रूपरेखा, स्थान व कार्यक्रम की जानकारी दी। वहीं उपाध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी ने सम्मान समारोह को तीन वर्गों में आयोजित करने का प्रस्ताव रखा जिसमें प्रतिभावान व्यक्तियों, उत्कृष्ट कार्य करने वालों तथा बिना पद के संस्था को सहयोग देने वाले विशेष सहयोगियों को सम्मानित करने की बात कही गई, जिसे सर्वसम्मति से सराहा गया।
मुख्य अतिथि राकेश तिवारी एडवोकेट ने कहा कि संस्था में पद सेवा का माध्यम है और दुबई शाखा का स्नेह ही उन्हें प्रतिवर्ष यहां लाता है। उन्होंने बताया कि 17 जनवरी के कार्यक्रम में परिषद के मुख्य संरक्षक एवं अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के मुख्य संरक्षक महेश पाठक का आना दुबई शाखा के लिए गौरव की बात है।
बताया गया कि 17 जनवरी को अधिवेशन इंडिया क्लब में आयोजित होगा, जिसमें दुबई शाखा के आगामी कार्यक्रमों की योजना तथा अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में मथुरा एवं दुबई शाखा के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।