विशेष पुनरीक्षण अभियान 2026: डीएम–एसएसपी ने मांट में बीएलओ प्रशिक्षण का किया निरीक्षण, त्रुटिरहित मतदाता सूची पर दिया जोर

मथुरा।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान–2026 के तहत तहसील मांट स्थित जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में चल रहे बीएलओ प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं और बीएलओ की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची को अपने-अपने मतदेय स्थलों पर सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाने का कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ अपने केंद्रों पर नियमित रूप से उपस्थित रहकर फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 प्राप्त करें और समयबद्ध व सटीक कार्यवाही करें।
उन्होंने मैपिंग कार्य को पूर्ण निष्ठा के साथ संपादित करने के निर्देश देते हुए कहा कि मतदाताओं के नाम, फोटो, पता, पति/पिता का नाम, मोबाइल नंबर सहित सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच की जाए। किसी भी स्तर पर त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने के लिए प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 6 जनवरी 2026 को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया गया है, जो 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक सभी मतदान केंद्रों (पदाभिहित स्थलों) पर जनसामान्य के अवलोकन हेतु उपलब्ध रहेगा। मतदाता www.ceouttarpradesh.nic.in पर “सर्च योर नेम इलेक्टोरल रोल” विकल्प के माध्यम से, https://ceouttarpradesh.nic.in एवं https://voter.eci.gov.in पर अपना नाम देख सकते हैं। इसके अलावा Voter Helpline App डाउनलोड कर भी सेवाएं प्राप्त की जा सकती हैं। आलेख्य मतदाता सूची https://mathura.nic.in/deo-portal पर भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि 6 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं, जिनका निस्तारण संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में छूट गया हो या किसी प्रकार का संशोधन अपेक्षित हो, तो फॉर्म-6 (नए मतदाता), फॉर्म-7 (नाम विलोपन) एवं फॉर्म-8 (संशोधन/स्थानांतरण) पूर्ण विवरण व आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मांट रितु सिरोही सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।