अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ना विचारों पर हमला, योगी राज में दलित असुरक्षित” — राया पहुंचे रामजी लाल सुमन, रासुका की मांग
मथुरा (राया)।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन मंगलवार को मथुरा जनपद के कस्बा राया पहुंचे। उनके साथ पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सपा प्रतिनिधिमंडल ने उस स्थल का निरीक्षण किया, जहां विगत दिनों भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था।
निरीक्षण के उपरांत श्री लाल सुमन ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह चौथी बार है जब इसी स्थल पर बाबा साहब की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल मथुरा की घटना नहीं है, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में बाबा साहब अंबेडकर और गौतम बुद्ध की प्रतिमाओं को निशाना बनाया जा रहा है, जो सीधे-सीधे एक विचारधारा पर हमला है और दलित विरोधी कुंठित मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि योगी सरकार में दलित उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं। यदि प्रारंभ में ही इन घटनाओं पर सख्त कार्रवाई का संदेश दिया गया होता, तो आज इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होती।
रामजी लाल सुमन ने योगी सरकार के बुलडोजर पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “यह बुलडोजर भी जाति और धर्म देखकर चलता है”।
सपा नेता ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे अराजक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए और दोषियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
इस अवसर पर सपा प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव, जिला महासचिव सुभाष पाल, वरिष्ठ नेता प्रदीप चौधरी, जिला उपाध्यक्ष दिगंबर सिंह जाटव, ओम प्रकाश यादव, बलदेव विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र सिकरवार, लोहिया वाहिनी अध्यक्ष सोनू ठाकुर, छात्र सभा अध्यक्ष संतोष यादव, बाबा साहब वाणी अध्यक्ष सचिन पहलवान, छात्र सभा उपाध्यक्ष नाजिम कुरैशी, महानगर अध्यक्ष रितु गोयल (आगरा) सहित धर्मेंद्र यादव, राजकुमार सिंघल, ज्ञानेंद्र जाटव, रामनरेश यादव, विजय ठाकुर, अजय ठाकुर, हरिओम यादव, राजेश यादव व अन्य सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।