अगर हमला हुआ तो अमेरिका और इजराइल को निशाना बनाएंगे: ईरान की चेतावनी

दुबई। ईरान की संसद के अध्यक्ष ने रविवार को चेतावनी दी कि अगर अमेरिका इस्लामिक गणराज्य पर हमला करता है तो अमेरिकी सेना और इजराइल उसका ‘‘वैध निशाना’’ बनेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में जारी प्रदर्शनों को लेकर हमले की धमकी दी है। मोहम्मद बाकिर कालिबाफ की टिप्पणियों से पहली बार यह संकेत मिलता है कि उन्होंने ईरानी हमले के संभावित लक्ष्यों की सूची में इजराइल को भी शामिल किया है। कट्टरपंथी कालिबाफ ने यह धमकी तब दी जब ईरान की संसद में सांसद ‘‘अमेरिका मुर्दाबाद’’ के नारे लगाते हुए आसन के समीप पहुंच गए।
दुबई में ईरान को झकझोरने वाले मौजूदा विरोध प्रदर्शनों को लेकर रविवार को संसद में चर्चा हुई और इस दौरान सांसदों ने ‘अमेरिका मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। संसद में यह चर्चा ऐसे समय हो रही है जब ईरान की सरकार दो सप्ताह से जारी प्रदर्शनों को नियंत्रित करने के लिए संघर्ष कर रही है। बाद में, सांसदों ने ईरान सरकार के समर्थन में भी नारे लगाए।