गौरी गोपाल आश्रम में भजनों की सरिता, अनिरुद्धाचार्य ने दिया सेवा का संदेश

​ब्रज सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में भजन संध्या एवं प्रसादी सेवा का भव्य आयोजन

​वृंदावन। भक्ति और सेवा की त्रिवेणी के साथ वृंदावन के गौरी गोपाल आश्रम में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ब्रज सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में अनिरुद्धाचार्य महाराज के सानिध्य में आयोजित भजन संध्या और प्रसादी सेवा ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में उमड़े जनसैलाब ने भक्ति रस का आनंद लिया।

​कार्यक्रम का शुभारंभ अनिरुद्धाचार्य महाराज द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान आचार्य सुमंत कृष्ण शास्त्री भी उपस्थित रहे। भजन गायक पंडित अंकित शुक्ला एवं राधे गोविंद दास ने अपनी मधुर वाणी से ठाकुर जी के भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि संपूर्ण आश्रम परिसर कृष्ण भक्ति के जयकारों से गूंज उठा। महाराज श्री ने अपने प्रेरणादायी आशीर्वचनों में कहा कि सेवा और करुणा ही मानव जीवन का असली आधार है। उन्होंने समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया।

​महाराज श्री ने आश्रम में रह रही वृद्ध माताओं के दर्शन कराए और उनकी सेवा-देखभाल के बारे में जानकारी दी। माताओं के प्रति स्नेह और समर्पण देख उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए। संस्था के सदस्य आशीष गर्ग ने अतिथियों का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया।
​संस्था के सदस्य चंद्रशेखर ने बताया कि इस अवसर पर महाराज श्री को एक विशेष ‘क्यूआर कोड’ युक्त फोटो फ्रेम भेंट किया गया। इसे स्कैन करते ही श्रद्धालु आश्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

​सायंकालीन प्रसादी सेवा में फाउंडेशन के सदस्यों ने स्वयं श्रमदान कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में राहुल बंसल नीरज तायल तनु गर्ग नितिन बगिया गौरव रश्मि अमित शिखा भारत भूषण चारु हेमंत और अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में ब्रजवासी और देश-विदेश से आए श्रद्धालु मौजूद रहे।