मथुरा में रियल एस्टेट के नाम पर लाखों रु की ठगी

‘सत्व्या एस्टेट’ के तीन संचालकों पर जालसाजी का मुकदमा दर्ज

चौमुहां। रियल एस्टेट के नाम पर लाखों की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। जैंत थाना क्षेत्र में संचालित ‘सत्व्या एस्टेट’ नामक कंपनी पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए 37.5 लाख रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। एसएसपी के आदेश पर कंपनी के तीन नामजद संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।

गांव जैंत निवासी पीड़ित चंद्रशेखर सिंह के अनुसार जैंत-सुनरख रोड स्थित खसरा संख्या 334 पर ‘राधा शरणम्’ प्रोजेक्ट के नाम से सोशल मीडिया पर आकर्षक विज्ञापन चलाए जा रहे थे। कंपनी संचालक योगेंद्र सिंह राजावत उनकी पत्नी नेहा वेश और भाई विकास राजावत ने खुद को जमीन का मालिक बताकर पीड़ित को प्लॉट बेचने का झांसा दिया।

आरोप है कि 55 हजार रुपये प्रति वर्ग गज की दर से 100 वर्ग गज का प्लॉट (यूनिट बी-06) बेचने का सौदा तय किया गया और अलग-अलग तारीखों में पीड़ित से 37.5 लाख रुपये वसूल लिए गए। छह माह बीतने के बाद भी न तो जमीन पर कोई विकास कार्य हुआ और न ही एमवीडीए से प्रोजेक्ट पास पाया गया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों का उक्त जमीन पर कोई बैनामा या पावर ऑफ अटॉर्नी नहीं है। इतना ही नहीं ‘सत्व्या एस्टेट’ रेरा में भी पंजीकृत नहीं है। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एग्रीमेंट टू सेल तैयार किया था।

दबाव बनाने पर सितंबर 2025 में आरोपियों ने 9 लाख रुपये आरटीजीएस से लौटाए, लेकिन शेष 28.5 लाख रुपये अब भी हड़प रखे हैं। पीड़ित का दावा है कि यह गिरोह इलाके के कई अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी कर चुका है।

एसएसपी के निर्देश पर जैंत पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।