जिला जूनियर क्रिकेट लीग 2025-26 : पुलिस मॉडर्न स्कूल ने रियल इंटरनेशनल को 165 रन से हराया

मथुरा। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला जूनियर क्रिकेट लीग 2025-26 के अंतर्गत खेले गए मुकाबले में पुलिस मॉडर्न स्कूल ने रियल इंटरनेशनल स्कूल को 165 रन के विशाल अंतर से पराजित कर प्रतियोगिता में शानदार जीत दर्ज की।

हरीश राघव क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में रियल इंटरनेशनल स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुलिस मॉडर्न स्कूल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 237 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

पुलिस मॉडर्न स्कूल की ओर से पीयूष ने मात्र 39 गेंदों में 95 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा रोहित कुमार ने 43 रन तथा निश्छल ने 32 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। रियल इंटरनेशनल स्कूल की ओर से हिमांशु ने 3 विकेट, अंशु ने 2 विकेट और श्रीकांत ने 1 विकेट प्राप्त किया।

237 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रियल इंटरनेशनल स्कूल की टीम पुलिस मॉडर्न स्कूल की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 15.5 ओवर में मात्र 72 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कल्पेश ने 14 रन और ध्रुव कुमार ने 13 रन बनाए।

मैच में अंपायरिंग अनिल आहूजा और अर्चित समाधिया ने की, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी राजीव गौतम ने निभाई।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव कमल चावला ने बताया कि प्रतियोगिता का अगला मुकाबला मंगलवार को विद्या सागर अकादमी, राया और हरीश राघव पब्लिक स्कूल के बीच खेला जाएगा।
यह जानकारी आयोजन सचिव रोहित सिंह द्वारा दी गई।