मथुरा। नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति और सीवर से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर नगर आयुक्त जग प्रवेश ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी क्रम में नगर आयुक्त द्वारा आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें जल विभाग के सभी वरिष्ठ व मैदानी अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर निगम सीमा क्षेत्र में कहीं भी यदि सीवर से संबंधित समस्या उत्पन्न होती है तो उसका 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सीवर और जल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर आयुक्त ने गंदे पानी की मिल रही शिकायतों को गंभीर बताते हुए महाप्रबंधक (जल) को निर्देश दिए कि संबंधित क्षेत्रों से पानी के सैंपल लेकर जल परीक्षण प्रयोगशाला में जांच कराई जाए। साथ ही नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
नगर आयुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में महाप्रबंधक (जल) मोहम्मद अनवर ख्वाजा, अधिशासी अभियंता राम कैलाश, सहायक अभियंता हेमेंद्र गौतम, अनूप सूद तथा अवर अभियंता प्रतिभा ओझा, अभिमन्यु मौर्य, अजय कुमार और गंगासागर उपस्थित रहे।