अमेरिका का वेनेजुएला पर हमला : ट्रम्प बोले- राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी अब हमारे कब्जे में
नई दिल्ली। वेनेजुएला की राजधानी काराकस में शनिवार की रात एक के बाद एक कई धमाके हुए। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया गया है और देश से बाहर भेज दिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी पुष्टि की कि अमेरिका ने वेनेजुएला के खिलाफ सफलतापूर्वक बड़े पैमाने पर हमला किया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने दाव किया, ‘अमेरिका ने वेनेज़ुएला और उसके नेता राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ एक बड़े पैमाने पर हमला सफलतापूर्वक किया है । निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया गया है और देश से बाहर ले जाया गया है. यह ऑपरेशन यूएस लॉ एनफोर्समेंट के साथ मिलकर किया गया था ।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले कई बार वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हटाने की अपनी रणनीति के तहत वेनेजुएला में ग्राउंड ऑपरेशन की संभावना के बारे में चेतावनी दी थी । इन चेतावनियों के बाद ही वेनेजुएला में कई धमाकों की आवाज सुनाई दी है। दबाव बनाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ने वेनेजुएला पर बैन बढ़ाए हैं, इलाके में अमेरिकी सेना की मौजूदगी बढ़ाई है और कैरिबियन और पैसिफिक दोनों में जहाजों पर ड्रग ट्रैफिकिंग का आरोप लगाया है।
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने गुरुवार (1 दिसंबर 2025) को रिकॉर्ड किए गए इंटरव्यू में कहा था कि अमेरिका वेनेजुएला में सरकार बदलने के लिए दबाव बनाना और उसके विशाल तेल भंडार तक पहुंच हासिल करना चाहता है. उन्होंने कहा था कि दबाव बनाने का यह अभियान अगस्त में कैरिबियाई सागर में बड़े पैमाने पर अमेरिकी सैन्य तैनाती के साथ शुरू हुआ था और कई महीनों से जारी है।
अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए वेनेजुएला की यात्रा नहीं करने की एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया, ‘वेनेजुएला की यात्रा न करें और न ही वहां रुकें, नहीं तो आपको गलत तरीके से हिरासत में लेकर प्रताड़ित किया जा सकता है. अपहरण भी हो सकता है. वहां स्थानीय कानूनों का आपके खिलाफ गलत इस्तेमाल किया जा सकता है।