सुशासन सप्ताह को लेकर हुई कार्यशाला, योगी सरकार की नीतियों का हुआ गुणगान

मथुरा। प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने के उद्देश्य से सुशासन सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को पांच्यजन प्रेक्षाग्रह में जागरूकता कार्यक्रम (कार्यशाला) का आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न कॉलेजों से छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों को प्रदेश सरकार की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव राजीव कुमार एवं विशिष्ठ अतिथि पूर्व मंत्री सरदार सिंह, रिटायर्ड आईएएस चौब सिंह वर्मा की मौजूदगी में मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना ने सरकार की प्राथमिकता वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का लक्ष्य पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाना है।

जिलाधिकारी सी.पी. सिंह ने कहा कि सुशासन सप्ताह का उद्देश्य पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सही जानकारी और समय पर आवेदन से ही आमजन को वास्तविक लाभ मिल सकता है। जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रह जाए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
इस दौरान आईजीआरएस, एसआईआर सहित विभिन्न योजनाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को सम्मानित किया। सुशासन सप्ताह अंतर्गत हुई कार्यशाला में मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एस बी सिंह उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल अपर जिला अधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज वर्मा अपर जिला अधिकारी (नमामि गंगे) राजेश यादव सचिव एमवीडीए आशीष कुमार सिंह उप जिलाधिकारी सदर अभिनव जैन एसडीम छाता वैभव गुप्ता सहायक नगर आयुक्त श्रीमती कल्पना चौहान आदि उपस्थित रहे।