PhysicsWallah IPO Listing: फिजिक्सवाला की शेयर मार्केट में शानदार एंट्री, फायदे में आईपीओ निवेशक

नई दिल्ली । एडुटेक कंपनी फिजिक्सवाला के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में मजबूत एंट्री करके अपने आईपीओ निवेशकों को खुश कर दिया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 109 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई पर इसकी लिस्टिंग करीब 35 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 143.10 रुपये के स्तर पर और एनएसई पर 145 रुपये के स्तर पर हुई। लिस्टिंग के बाद लिवाली के सपोर्ट से इस शेयर की चाल में और तेजी आ गई। सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद कंपनी के शेयर 155 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे। इस तरह अभी तक के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशकों को 42.20 प्रतिशत का मुनाफा हो चुका है।

फिजिक्सवाला का 3,480.71 करोड़ रुपये का आईपीओ 11 से 13 नवंबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से एवरेज रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 1.92 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 2.86 गुना सब्सक्राइब हुआ था। वहीं नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में सिर्फ 0.51 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसी तरह रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 1.14 गुना और एंप्लॉयीज के लिए रिजर्व पोर्शन 3.71 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

इस आईपीओ के तहत 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 3,100.71 करोड़ रुपये के 28,44,03,669 नए शेयर जारी किए गए हैं। इसके अलावा 380 करोड़ रुपये के 3,48,62,384 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिये बेचे गए हैं। आईपीओ के जरिये जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी अपने ऑफलाइन और हाईब्रिड के फिटआउट और लीज पेमेंट करने, सर्वर और क्लाउड से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने, मार्केटिंग और अधिग्रहण करने तथा आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।