मथुरा। देश को आत्मनिर्भर बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में विकसित भारत बिल्डाथॉन का विधिवत शुभारंभ केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान द्वारा नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बेसिक के विद्यालयों में छात्रों को दिखाया गया।
जनपद में कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति द्वारा नगर संसाधन केंद्र (यूआरसी) पर छात्रों को बिल्डाथॉन 2025 के बारे में बताया गया और इस दौरान बच्चों के साथ ही कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। बिल्डाथॉन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बीएसए द्वारा बताया गया कि विकसित भारत में बिल्डाथॉन की शुरुआत 22 सितंबर 2025 को हो चुकी है। 23 सितंबर 2025 से 12 अक्टूबर तक शिक्षकों एवं बच्चों के पंजीकरण कराए गए हैं। उसके उपरांत इस कार्यक्रम की चार थीम वोकल फ़ॉर लोकल, आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी और समृद्ध भारत पर प्रोजेक्ट कार्य बच्चों के द्वारा किए जाएंगे। उन प्रोजेक्ट कार्य को 31 अक्टूबर 2025 तक विकसित भारत बिल्डाथॉन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के 6 से आठवीं तक संचालित विद्यालयों को शामिल किया गया है। मेंटर्स द्वारा शिक्षकों व बच्चों को सहयोग प्रदान करते हुए पोर्टल कोर्स व प्रोजेक्ट कराए जाएंगे। कार्य पूर्ण होने पर डिजिटल प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।
जिला समन्वयक प्रशिक्षण विक्रांत कुमार द्वारा बताया गया कि यह कार्यक्रम जनपद के सभी विकासखंड में संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों व अध्यनरत बच्चों के द्वारा क्रियान्वित किया जाना है। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक विरासत, विज्ञान, नैतिक मूल्य में बढ़ोतरी के साथ भारत को समृद्ध और सतत विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाना है। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार, रविंद्र कुमार चौधरी, बलवीर सिंह, एआरपी गिरीश कौशिक, प्रकाश चंद, स्तुति पांडे, नेहा सिंह, प्रीति भटनागर समेत जूनियर वर्ग के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बलवीर सिंह द्वारा किया गया।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.