राष्ट्रपति की आगवानी के लिए मुख्यमंत्री योगी 25 को आ सकते हैं मथुरा

मथुरा। 25 सितंबर को मथुरा वृंदावन में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का उनके आगमन पर स्वागत के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की पूर्ण संभावना है। मुख्यमंत्री के आने की जानकारी से स्थानीय अधिकारियों के हाथ पैर विशेष तौर पर फूले हुए हैं। प्रदेश के प्रभारी मुख्य / ग्रह सचिव सचिव दीपक कुमार और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण आज मथुरा आए। दोनों उच्च अधिकारियों ने श्री कृष्ण जन्म स्थान और कुब्जा देवी मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की बिंदुवार जानकारी ली। वृंदावन में भी दोनों अधिकारियों ने काफिले के साथ सुदामा कुटी, निधिवन और बिहारी जी मंदिर क्षेत्र में राष्ट्रपति के आगमन के दौरान किसी भी प्रकार की कोई बाधा ना आए उसके लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं।

राष्ट्रपति के जाने वाले पांचों स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के अलावा एंबुलेंस और अग्निशमन विभाग की गाड़ियों की तैनाती भी की गई है। जिला अधिकारी सीपी सिंह ने आज 23 सितंबर से 25 सितंबर तक मथुरा जनपद के आकाश में जो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है। इस आदेश के अंतर्गत किसी भी प्रकार का ड्रोन पतंग आदि आकाश में उड़ाए नहीं जा सकते। मथुरा रेलवे जंक्शन और छटीकरा के समीप रेलवे के वृंदावन रोड स्टेशन पर भी सुरक्षा इंतजामों के अलावा साफ सफाई सहित सड़क निर्माण आदि कार्य तेजी से पूरे किये जा रहे है।

राष्ट्रपति के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री के आने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, बिजली विभाग के अधिकारी अपनी पूरी ताकत के साथ चाक चौबंद मजबूत व्यवस्था करने में जुटे हुए हैं। महामहिम राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत मंगलवार को अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने समूचे श्री कृष्ण जन्मभूमि परिसर का निरीक्षण किया।
इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार मौजूद रहे।