आज देश को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, शाम पांच बजे होगा राष्ट्र के नाम संबोधन

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश को संबोधित करेंगे । जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन शाम पांच बजे होगा। प्रधानमंत्री के संबोधन के विषय के बारे में मीडिया रिपोर्ट में कयास लगाया जा रहा है कि वे जीएसटी के रिफॉर्म पर बात कर सकते हैं। बता दें कि, देश में कल से जीएसटी 2.0 की नई दरें लागू होंगी।

हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के विषय पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। उनका यह संबोधन नवरात्रि की पूर्व संध्या पर होगा, जिस दिन से जीएसटी दरों में कटौती लागू होगी और बड़ी संख्या में उत्पादों की कीमतों में कमी आने की संभावना है। फिलहाल, 0% टैक्स जरूरी खाद्य वस्तुओं पर, 5% रोजमर्रा की चीजों पर, 12% सामान्य सामान पर, 18% इलेक्ट्रॉनिक्स और सेवाओं पर, और 28% लग्जरी/हानिकारक वस्तुओं पर लगता है। नए सिस्टम में 12% और 28% की दरें खत्म होंगी। वर्तमान जीएसटी ढांचे में सबसे ज्यादा कमाई (65%) 18% टैक्स स्लैब से होती है, जबकि 28% वाले लग्जरी/हानिकारक सामान से 11%, 12% वाले स्लैब से 5%, और 5% वाले रोजमर्रा के सामान से 7% योगदान आता है।