क्रिकेटर शिखर धवन को ईडी ने किया तलब, ऑनलाइन बेटिंग ऐप केस में होंगे सवाल-जवाब

नई दिल्ली । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भारत के क्रिकेटर शिखर धवन को बृहस्पतिवार को एक कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए समन किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसी ‘वन एक्स बेट’ नामक एक अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़ी इस जांच के तहत धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज करेगी। क्रिकेटर शिखर धवन से बेटिंग ऐप मामले में पूछताछ थोड़ी देर में शुरू होगी। ईडी दफ्तर में फिलहाल शिखर धवन कागजी कर्यवाई पूरी कर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि 39 वर्षीय भारतीय क्रिकेटर कुछ विज्ञापनों के ज़रिए इस ऐप से जुड़े हैं। ईडी पूछताछ के दौरान इस ऐप से उनके संबंधों को समझना चाहता है। एजेंसी अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़े ऐसे कई मामलों की जांच कर रही है जिन पर कई लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने या भारी कर चोरी का आरोप है। पिछले महीने पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना से इस मामले में पूछताछ की गई थी। केंद्र सरकार ने हाल ही में एक कानून लाकर वास्तविक धन वाली ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध लगा दिया है।