मथुरा वृंदावन में नागरिक सुविधाओं में लापरवाही-अनियमितता बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्यवाही: जग प्रवेश
मथुरा। नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई, कर्मचारी अनुशासन एवं नागरिक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के नगर आयुक्त जग प्रवेश ने संकेत दिए है। नगर आयुक्त प्रतिदिन इसी नागरिक सुविधाओं की स्थलीय जानकारी करने के उद्देश्य से अलग अलग वार्डो में निरीक्षण कार्यवाही कर रहे है।
इसी क्रम में उन्होंने सोमवार को वार्ड संख्या 38 (सिविल लाइन) एवं वार्ड संख्या 10 (औरंगाबाद प्रथम) का स्थलीय निरीक्षण किया । निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्रीय स्वच्छता व्यवस्था, कर्मचारियों की उपस्थिति, नालियों की नियमित सफाई एवं डलाव घर (कूड़ा स्थलों) नियमित समय अनुसार सफाई व्यवस्था का वास्तविक मूल्यांकन करना था।
वार्ड संख्या 38 सिविल लाइन में निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया जिसमें 02 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। नगर आयुक्त ने उनका एक दिन का वेतन काटे जाने के निर्देश दिए। साथ ही जो सफाई कर्मचारी लंबे समय से अनुपस्थित हैं उनके विरुद्ध कार्रवाई हेतु नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया ।
नगर आयुक्त ने मुख्य मार्गों जैसे दामोदरपुर डलाव घर, चुंगी डलाव घर, एवं आचार्य नगर के पास स्थित डलाव घर को समाप्त कर उन स्थलों पर सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्र की दृश्यात्मक सुंदरता में वृद्धि हो सके।
वार्ड संख्या 10 औरंगाबाद प्रथम में निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका में ओवरराइटिंग पाई गई जिस पर नगर आयुक्त द्वारा सुपरवाइजर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए एवं भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
निरीक्षण के समय 05 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए जिनके विरुद्ध भी आज का वेतन न आहरित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ गोपाल बाबू गर्ग सफाई निरीक्षक निहाल सिंह सफाई निरीक्षक विपिन एवं नेचर ग्रीन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिलाष सांगवान उपस्थित रहे।