– सीएसआर और अवस्थापना निधि से गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में 500 सोलर लाइट लगेंगी
– वृंदावन परिक्रमा मार्ग की सफाई व्यवस्था में सहयोग के लिए खरीदे जाएंगे लोडर और ट्रैक्टर
मथुरा। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण वृंदावन स्थित रुक्मिणी विहार आवासीय योजना में 151 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगाएगा। इस पर करीब 30 लाख रुपये की लागत आएगी।
इसकी जानकारी देते हुए मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एसबी सिंह ने बताया कि धर्म और आस्था की भूमि में राष्ट्रीय और सांस्कृतिक गरिमा को ध्यान रखते हुए 151 फीट का राष्ट्रीय ध्वज रुक्मिणी विहार में लगाने का फैसला किया गया है। इसकी डिजायन तैयार कर ली गई है। ध्वज स्थापित करने के लिए तकनीकी प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। इस पर 30 लाख रुपये की लागत आएगी। इससे राष्ट्रीय भावना का भाव लोगों में और उत्पन्न होगा।
उन्होंने बताया कि यह राशि सीएसआर फंड और अवस्थापना निधि से खर्च की जाएगी। इसके अलावा गोवर्धन परिक्रमा में 500 सोलर लाइट भी लगाने का भी फैसला किया गया है। इस पर 4.5 करोड़ की लागत आ रही है। वृंदावन परिक्रमा मार्ग के सफाई कार्य में सहयोग को लोडर और ट्रेक्टर की खरीद की जाएगी। साथ ही सौभरि वन में सेमी हाई मास्क तथा अन्य विभिन्न स्थानों पर 10 हाई मास्क भी लगाई जाएगी। इस तरह उक्त सभी कार्यो पर करीब 6 करोड़ की लागत आएगी, जो सीएसआर और अवस्थापना निधि से होंगे।