मथुरा में जल प्लावन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर योगी का फोकस, बगैर अनुमति के नहीं उड़ेंगे ड्रोन

मथुरा। जनपद में जल प्लावन की स्थिति और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब सीधे जिला प्रशासन के साथ निगरानी कर रहे है । स्पष्ट निर्देश दिए है कि बगैर अनुमति कही भी ड्रोन नहीं उड़े। गिरासू मकान और स्कूलों से सभी को शिफ्ट कर दिया जाए। जनहानि में प्रभावितों को मुआवजा तत्काल मिले।
सोमवार को जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस बार जनपद में पूर्व वर्षो के मुकाबले अनुमान से अधिक बरसात हो रही है। इसका प्रभाव ग्रामीण अंचल में अधिक देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने इस स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठने के निर्देश दिए है । जनपद में जल निकासी के प्रयास तेजी से किये जा रहे है । यमुना में बाढ़ की स्थिति फिलहाल नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कहीं जन हानि मकान या पशु हानि हो रही है तो तत्काल मुआवजा दिया जा रहा है। गोवर्धन में एक बच्चे की मौत हुई है। परिवार को चार लाख रुपये का तत्काल मुआवजा दिया गया। देवीय आपदा से जुड़ी किसी भी प्रकार की घटना की जानकारी उन्हें दी जा सकती है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जर्जर स्कूल भवन की रिपोर्ट ली जा रही है। ऐसे जर्जर स्कूलों की मरम्मत के निर्देश दिए है । आवश्यकता पर बच्चों को पंचायत भवन आदि अन्य स्थान पर शिफ्ट करने है भी कहा गया है। महानगर में जर्जर मकानों को लेकर भी डीएम ने लोगों से उनकी मरम्मत कराने की अपील की है।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि ड्रोन को लेकर सख्ती बरती जा रही है। नो फ़्लाई जोन में ड्रोन पूरी तरह से प्रतिबंधित है। बाकी क्षेत्रों में पुलिस की अनुमति लेनी होगी। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन से दहशत का माहौल उत्पन्न किया गया है। अफवाह फैलाने पर कड़ी कार्यवाही होगी । यदि इस प्रकार का कोई मामला किसी के संज्ञान में आता है तो पेनिक न हो तत्काल संबंधित थानाध्यक्ष अथवा शीर्ष अधिकारियों को वीडियो बनाकर अथवा फोन समय से सूचना दें।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि 50 से कम छात्र संख्या पर एक किमी की दूरी पर प्राथमिक विद्यालयों को शिफ्ट किया जा रहा है। जनपद में ऐसे स्कूलों का चिन्हांकन हो रहा तो, जो एक किलोमीटर में 50 से कम छात्र संख्या वाले हैँ।

तिरंगे के रंग में सराबोर होगी इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला भूमि मथुरा इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर तिरंगे के रंग में सराबोर नजर आएगी। हर घर तिरंगा और साज सज्जा के बीच कान्हा के भक्तों का अभिनंदन ब्रजभूमि में होगा।
सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 16 अगस्त को है तो 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस है। इस दौरान देश भर से लाखों कान्हा भक्त ब्रज में होंगे। ऐसे में दोनों पर्वों को धूमधाम से उल्लास पूर्वक मनाया जाना है। 13 अगस्त से 16 अगस्त तक ब्रज में कृष्ण जन्माष्टमी का उल्लास राष्ट्रीय पर्व के साथ रहेगा। ब्रज का प्रत्येक व्यक्ति अपने घर को सजाए और तिरंगा लगाए, जिससे कान्हा के दर्शन को आने वाले भक्त इस आवाभगत को देखकर भावविभोर हो जाए। सरकारी तंत्र के साथ शहर की साज सज्जा में उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठनों को भी आगे आने की अपील की। तिरंगा स्वयं तो इसे लगाए ही साथ ही अपने पड़ौसियों को भी इस महान कार्य के लिए प्रेरित करें। उन्होंने 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन की भी जिक्र करते हुए देशभक्ति की हूंकार भरी और शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में भी सहयोग मांगा।
उन्होंने बताया कि मथुरा वृंदावन के साथ गोकुल, बरसाना, गोवर्धन, नंदगांव में जन्माष्टमी की तैयारियां शुरु कर दी गई है । सभी विभाग अपना दायित्व निभा रहे हैँ। जन्मस्थान क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया गया है। अधिक बरसात से सड़कों में गड्डे हो गए है उनकी मरम्मत की जा रही है।

पालीथिन मुक्त होगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने कहा कि मुड़िया पूर्णिमा मेला की भांति इस बार जन्माष्टमी ओर पालीथिन का उपयोग पूर्णतय: प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी प्रकार से पालीथीन उपयोग में नहीं लाई जाएगी। सफाई का भी विशेष ख्याल रखा जाएगा। सभी लोग इसके लिए संकल्प ले। डीएम ने जोरदार तरीके से इस बार की श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को पॉलीथिन मुक्त मनाए जाने का आह्वान किया। श्री सिंह ने कहा कि यदि जरूरी हो तो पॉलीथिन घर पर ही रखे। निगम की आने वाले गाड़ी में समय से दें जिससे कि इस पॉलीथिन का सदुपयोग कर सड़क निर्माण आदि में सहायता हो सके। यदि ऐसा हुआ तो शहर की बरसात में चोक होने वाली नालियों का भी उद्धार हो जाएगा।