मथुरा । प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को पांचजन्य प्रेक्षागृह डैंपियर नगर में एक भव्य समारोह में नगर निगम तथा विद्युत विभाग की कुल 194.46 करोड़ रुपए की 1762 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें 130.29 करोड़ की विद्युत परियोजनाएं तथा 64.17 करोड़ की नगर निगम योजनाएं हैं।
इन योजनाओं से मथुरा-वृंदावन की बिजली आपूर्ति, सफाई, सड़कें, जल निकासी और नगर सौंदर्यीकरण में बड़ा बदलाव आएगा।
इस अवसर पर मंत्री श्री शर्मा ने अपने संबोधन के दौरान मथुरा वृंदावन के संपूर्ण विकास की बात करते हुए कहा कि मथुरा को काशी और अयोध्या जैसा भव्यता देना हम सबकी जिम्मेदारी है। मथुरा के साथ जो भी ऐतिहासिक गलतियां हुई हैं जल्द ही उनका समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि काशी और अयोध्या की तरह मथुरा भी हमारी आस्था और आत्मा का केंद्र है। अयोध्या और काशी की भव्यता की तरह इसका समग्र विकास भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हर नागरिक को इसमें भागीदार बनना होगा।

मंत्री श्री शर्मा ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में मथुरा-वृंदावन नगर निगम की बड़ी उपलब्धि 94वें से 11वें स्थान पर आने पर जनपदवासियों, नगर निगम कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने इसे जनता की सहभागिता और टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। श्री शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को मंच से सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई अधिकारी जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाता या उनकी समस्याओं की अनदेखी करता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता की आवाज़ होते हैं और उनकी बातों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के कड़े दिशा निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में भारी जनसमूह, जनप्रतिनिधियों की उत्साहजनक सहभागिता रही। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया कि मथुरा-वृंदावन नगर निगम पुनर्गठन के बाद से निरंतर विकास की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि “नगर निगम ने वर्ष 2024 में पूरे प्रदेश में कर वसूली में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो पारदर्शी एवं उत्तरदायी शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके अतिरिक्त, स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता रैंकिंग में पिछले वर्ष की तुलना में 83 अंकों की उछाल के साथ 11वीं रैंक प्राप्त करना यह दर्शाता है कि निगम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर रहा है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा सभी कार्य शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप, जन आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती हेमा मालिनी महापौर विनोद अग्रवाल विधायक बल्देव पूरन प्रकाश विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह एमएलसी योगेश नौहवार एमएलसी ओम प्रकाश सिंह जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा सहित नगर निगम एवं विद्युत विभाग के उच्चाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।