कांवड़ियों की सुविधाओं के लिए नगर आयुक्त ने बेहतर प्रकाश और सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया देर रात्रि निरीक्षण

मथुरा । बुधवार को पढ़ने वाले महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मथुरा वृंदावन में नगर निगम द्वारा महापौर विनोद अग्रवाल के निर्देशन में साफ सफाई की व्यवस्था चाक चौबंद की जा रही है। बीती रात्रि में नगर आयुक्त शशांक चौधरी द्वारा शहर के मुख्य मार्गो की प्रकाश व्यवस्था के साथ साथ सफाई कार्य का निरीक्षण किया गया ।

महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत कावड़ यात्रियों तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने मार्गो में उत्कृष्ट प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने हेतु रात्रि में शहर के प्रमुख मार्गों की प्रकाश व्यवस्था को देखा । निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य सड़कों, चौराहों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर स्थित स्ट्रीट लाइट्स की स्थिति का जायजा लिया । इस दौरान भूतेश्वर रेलवे अंडरपास के दोनों ओर डार्क पॉइंट पर लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। रेलवे अंडरपास पर फसाड लाइट लगाने एवं अग्रसेन चौराहे से मसानी रोड पर गुरुद्वारे के निकट डार्क पॉइंट पर हाई मास्क लाइट लगाने के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने सुनिश्चित किया कि सभी लाइटें सही ढंग से काम कर रही हों और किसी भी प्रकार की कोई खराबी या खराब प्रकाश व्यवस्था न हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि कोई भी खराब स्ट्रीट लाइट हो उसे तुरंत ठीक की जाए ताकि रात के समय कावड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो । इस दौरान महाप्रबंधक मोहम्मद रिजवान अहमद प्रकाश विभाग व अन्य अधिकारी उपस्थित थे ।