केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद जम्मू-कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री बने उमर अब्दुल्ला

श्रीनगर । नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद जम्मू-कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री के पद की बुधवार को शपथ ली। यहां के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में आयोजित समारोह में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं  सुरिंदर कुमार चौधरी ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। श्री सिन्हा ने नई सरकार के चार कैबिनेट मंत्रियों श्री सतीश शर्मा, सुश्री सकीना इटू, श्री जाविद अहमद डार और श्री जाविद राणा को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कांग्रेस मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हुई, लेकिन उसने श्री उमर के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन दिया है। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस समिति (जेकेपीसीसी) के प्रमुख तारिक हमीद कर्रा ने बुधवार को कहा, “हम नाखुश हैं, इसलिए, हम फिलहाल मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हो रहे हैं।” उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए लड़ाई जारी रखेगी।”