बदायूं : सड़क हादसे में दो कांवड़ियों की मौत

बदायूं । जिले के उझानी क्षेत्र में दो मोटरसाइकिल के बीच भीषण टक्कर में दो कांवड़ियों की मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर निवासी अंकित (30) और उसका साथी अनिल (25) कछला घाट से गंगा जल लेकर रविवार शाम अपने घर लौट रहे थे तभी रास्ते में उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरेली-मथुरा मार्ग पर स्थित भूड वाली मजार के पास उनका वाहन सामने से आ रही कांवड़ियों की मोटरसाइकिल से टकरा गया।

सिंह के अनुसार दोनों वाहनों के बीच भीषण टक्कर में अंकित और अनिल के साथ-साथ दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दो अन्य कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चारों कांवड़ियों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने अंकित और अनिल को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल दो अन्य कांवड़ियों को बरेली स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया है।