IND vs SL: भारत ने लगातार दूसरा टी20 मैच जीता, श्रीलंका को सात विकेट से हराया

नई दिल्ली । भारत और श्रीलंका के बीच 3 टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला रवि‍वार को पल्लेकेले स्टेडियम में खेला गया। भारत ने इस मैच को 7 विकेट से अपने नाम कर सीरीज पर कब्‍जा जमाया। सीरीज का आखि‍री टी20 मैच 30 जुलाई को खेला जाएगा।

टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 161 रन बनाए। बारिश के कारण मैच रोकना पड़ा। इसके बाद भारत को DLS मैथड से 8 ओवर में 78 रन का टारगेट मिला। इसे भारतीय टीम ने 3 विकेट खोकर प्राप्‍त कर लिया। टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत औसत रही। 26 के स्‍कोर पर टीम को पहला झटका लगा। कुसल मेंडिस ने 11 गेंदों पर 10 रन बनाए। इसके बाद पथुम निसांका और कुसल परेरा ने दूसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े।

रवि बिश्‍नोई ने इस पार्टन‍रशिप को तोड़ा। उन्‍होंने निसांका को LBW आउट किया। पथुम निसांका ने 24 गेंदों पर 32 रन बनाए। इसके बाद कामिंदु मेंडिस ने 26, कुसल परेरा ने 53 रन बनाए। दासुन शनाका लगातार दूसरे मैच में खाता तक नहीं खोल पाए। वानिंदु हसरंगा भी गोल्‍डन डक का शिकार हुए। कप्‍तान चरिथ असलंका ने 12 गेंदों पर 14, महेश तीक्षना ने 2 और रमेश मेंडिस ने 12 रन बनाए। मथीशा पथिराना ने 1 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से रवि बिश्‍नाई ने 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।

भारत को पहला झटका 12 रन के स्कोर पर लगा। संजू सैमसन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्हें महीश तीक्षणा ने अपना शिकार बनाया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सूर्यकुमार यादव उतरे । दूसरा झटका 51 रन के स्कोर पर लगा। सूर्यकुमार यादव को पथिराना ने आउट किया। वह 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हार्दिक पांड्या उतरे । भारत को तीसरा झटका 65 रन के स्कोर पर लगा। हसरंगा ने जायसवाल को आउट किया। वह 30 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ऋषभ पंत उतरे ।