नई दिल्ली । देशभर में कोरोना के सब-वैरिएंट JN.1 के 21 मामले सामने आए हैं। इनमें से 19 की गोवा में पहचान की गई है, जबकि एक-एक की केरल और महाराष्ट्र में की हैं। इंडियन SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (इनसाकॉग) के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। इनसाकॉग स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत स्थापित मंच है जो कोविड-19 की जीनोम सिक्वेंसिंग और वायरस की भिन्नता का अध्ययन व निगरानी करता है। इसे दिसंबर 2020 में गठित किया गया था।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सब-वैरिएंट JN.1 का पता लगने के बीच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सतर्कता बरतने को कहा है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बुधवार को देशभर में स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कोरोनो वायरस के उभरते सब-वैरिएंट को लेकर सतर्क रहने पर जोर दिया। स्वास्थ्य मंत्रालय के बुधवार को अपडेट आंकड़ों के मुताबिक, भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 614 नए मामले सामने आए हैं। यह 21 मई के बाद से सबसे अधिक है। वहीं, सक्रिय मामले बढ़कर 2,311 हो गए हैं।
कोरोना यह नया वैरिएंट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संक्रमण में बढ़ोतरी का कारण बन रहा है। अमेरिका, ब्रिटेन, आइसलैंड, स्पेन, पुर्तगाल, नीदरलैंड और हाल ही में चीन सहित अलग-अलग देशों में इसकी मौजूदगी मिली है। अब इस फेहरिस्त में भारत का नाम भी जुड़ गया है।
कोरोना के नए वैरिएंट जेएन.1 के लक्षणों में ये चीजें शामिल हैं:
बुखार
थकान
नाक बहना
गले में खराश
सिरदर्द
खांसी
कंजेशन
कुछ मामलों में स्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याएं