मथुरा में नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कार्यों से कमिश्नर खपा , नगर आयुक्त को दिए कार्यो में तेजी लाने के निर्देश
पर्यटक को आकर्षित करने के लिए नए नए अवसर तलाशें जाए, कार्यदायी संस्था सी.एण्ड डी.एस. पर लगेगी पैनल्टी
मथुरा। बुधवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर आई आगरा मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने वृंदावन के टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर के सभागार में नगर निगम मथुरा एवं स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा में कड़ी नाराजगी व्यक्त की है । उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए है कि वह अपना कार्यो को लेकर सुपरवीजन सख्त करे।
मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत सभी परियोजनाओं का काम धीमा चल रहा है उन सभी कामों में तेजी लाए जाए। निर्धारित समय पर कोई भी परियोजना पूरी न होने पर पीडब्ल्यूडी अभियंता को फटकार लगाते हुए कहा कि जगह जगह शहर को खोदकर छोड़ दिया है, जल्द से जल्द गुणवत्ता के साथ सभी कार्यों को पूर्ण कराएं वरना शासन को कार्यवाही के लिए लिख दिया जायेगा।
उन्होंने आईटीएमएस और एटीसीएस सिस्टम की भी समीक्षा की। शहर में लगभग 18 जंक्शन पर एटीसीएस सिस्टम को लगा दिया गया है लेकिन इसे शुरू नहीं किया गया। जिस पर मंडलायुक्त ने ट्रैफिक व्यवस्था को सरल बनाने हेतु एटीसीएस प्रक्रिया को शुरू कराने और स्मार्ट कैमरे जनित चालान व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। साफ कहा कि ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से आईटीएमएस को प्रभावी बनाया जाए। परिक्रमा मार्ग पर कहीं भी आड़े-तिरछे वाहन खड़ें हों तो कैमरे से देखकर अलर्ट भेजा जाए जिससे निषेध पार्किंग स्थल पर खड़े वाहनों को हटाकर यातायात सुगम बन सके।
मंडलायुक्त ने नगरायुक्त को निर्देश दिए कि परिक्रमा मार्ग को व्यवस्थित करें और सभी लाइटों का सर्वे कराकर ठीक कराएं। आवश्यकतानुसार प्राचीन मंदिरों पर फसाड़ की लाइट लगाई जाएं। सभी कार्यों को समय से पूर्ण करें, किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सीएंडडीएस के अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावों को बनाने के बाद मेरे समक्ष उपस्थित होकर उन प्रस्तावों को प्रस्तुत करेंगे और सभी कार्यों को गुणवक्ता तथा समयबद्धता के साथ पूर्ण करेंगे।

कमिश्नर ने नगर निगम द्वारा कराई जा रही साफ सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए दुरुस्त करने के निर्देश दिए। गंदगी मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही अमल में लाने की बात कही अन्यथा की स्थिति में सफाई सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी तय की जाए। साफ सफाई का निरंतर सुबह शाम निरीक्षण हो। मंडलायुक्त ने बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर को और अधिक सुव्यवस्थित तथा सुंदर बनाने के लिए कुछ नए एक्शन प्लान तैयार किया जाए। हेरिटेज के लिए कार्य करें और नए नए अवसर तलाशें, जिससे आने वाले पर्यटक आकर्षक हो सकें। बाजार में वॉकिंग स्ट्रीट बनाई जाएं। साफ सफाई, लाइटिंग, पेयजल, अतिक्रमण मुक्त सड़क आदि सुविधाएं बढ़ाई जाएं।
उन्होंने मथुरा व वृन्दावन शहर की मुख्य सड़कों और प्रमुख मंदिरों को जाने वाली गलियों का निरीक्षण किया पर्याप्त शौचालय न होने भी नाराजगी व्यक्त की।
मंडलायुक्त ने नगरायुक्त को शहर 10 प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त बनाने, समुचित साफ-सफाई करने और लाइटिंग करने के साथ सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। छटीकरा में नगर निगम द्वारा बनाए गए वेंडिंग जोन का भ्रमण किया। वैध वेंडर्स की नाम सहित सूची का बोर्ड लगाने एवं उन्हें निर्धारित स्थान पर ही रखने के निर्देश दिए। कोई भी वेंडर्स प्लास्टिक या पॉलिथीन का प्रयोग न करें, इसे नगर निगम द्वारा सख्ती से लागू करवाने को कहा। हाइवे से वृंदावन में प्रवेश करने वाले इस मुख्य मार्ग को सुव्यवस्थित-सौंदर्यीकरण करने के साथ यहां मिडनाइट बाजार का प्रस्ताव तैयार करने को निर्देशित किया। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत वृंदावन में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण में राज्य स्मार्ट सिटी योजनान्तर्गत मल्टीलेबिल पार्किंग से स्वागत द्वार (रमणरेती) तक मार्ग का अपग्रेडेशन एवं सौन्दर्यीकरण का कार्य को दिखा। कार्य की धीमी प्रगति पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। गौरा नगर में बन रहे आर्टिशन सेंटर फॉर कृष्णा पोशाक का निरीक्षण किया। यह प्रोजेक्ट दिसंबर माह में पूरा होना है लेकिन अभी तक सिर्फ 50 प्रतिशत ही काम हुआ। जिस पर मंडलायुक्त ने विकास प्राधिकरण को कॉन्ट्रैक्ट के हिसाब से काम पूरा कराने अन्यथा कार्यदायी संस्था पर जुर्माना लगाने को निर्देशित किया।
मल्टीलेबल दारुक कार पार्किंग का निर्माण कार्य का कार्य संतोषजनक न किए जाने पर नाराजगी जाहिर की। कार्यदायी संस्था सी.एण्ड डी.एस. पर पेनाल्टी लगाने को नगरायुक्त को निर्देश दिए और कहा कि दिसंबर तक कार्य न होने की दशा में ब्लैक लिस्ट करने की कार्यवाही अमल में लाई जाए।