ओडिशा में तीन ट्रेन टकराईं, 238 की मौत: बेपटरी कोरोमंडल एक्सप्रेस से दुरंतो ट्रेन टकराई, फिर मालगाड़ी से भिड़ी, 900 लोग घायल
भुवनेश्वर। ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम ट्रेन हादसे में अब तक 238 लोगों की मौत हो गई। एक्सीडेंट में 900 से ज्यादा यात्री घायल हुए। हादसा बालासोर के बहानगा बाजार स्टेशन के पास शाम करीब 7 बजे हुआ। रेलवे के मुताबिक 650 लोगों को अस्पताल में एडमिट किया गया है। हादसे के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव घटनास्थल पहुंचे। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने हालात की समीक्षा के लिए बैठक की और शाम को वह बालासोर जाएंगे। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव मौके पर पहुंच गए है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पहले शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस डिरेल हुई थी। इसके कुछ डिब्बे दूसरी पटरी पर पलट गए। दूसरी तरफ से आ रही यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस इनसे टकरा गई। इसके बाद दोनों ट्रेन की कुछ बोगियां पटरी से उतर गईं। ये बोगियां दूसरे ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी से जा भिड़ी। कोरोमंडल एक्सप्रेस का इंजन और कुछ बोगियां मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गईं।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हादसे पर दुख जताया। शनिवार सुबह वह घटनास्थल पर भी पहुंचे। राज्य सरकार ने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
तमिलनाडु सरकार के मंत्री उधयनिधि स्टालिन, शिव शंकर और ए महेश ओडिशा जा रहे हैं। स्टालिन ने कहा, हम मौजूदा स्थिति की जानकारी लेने के लिए वहां जा रहे हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने ओडिशा के मुख्यमंत्री से बात की है।
रेस्कयू ऑपरेशन के लिए भारतीय सेना को भी लगाया गया। एंबुलेंस और सहायता सेवाओं के साथ सेना की चिकित्सा और इंजीनियरिंग टीमों को पूर्वी कमान से तैनात किया गया है।
NDRF की तीन टीमें और 20 से ज्यादा फायर सर्विस एंड रेस्क्यू टीमों को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया है। 1200 बचाव कर्मी मौजूद हैं।
भुवनेश्वर में अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर 115 एम्बुलेंस, 50 बसें और 45 मोबाइल हेल्थ यूनिट्स तैनात हैं।
NDRF, राज्य सरकारों की टीम और एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर्स रेस्क्यू के लिए पहुंच गए हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भुवनेश्वर और कोलकाता से रेस्क्यू टीमें भेजी गई हैं।
2000 से ज्यादा लोग रात भर से बालासोर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के बाहर खड़े रहे, ताकि घायलों को मदद पहुंचा सकें। कई लोगों ने खून भी डोनेट किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने भुवनेश्वर एम्स में घायलों के लिए पर्याप्त बिस्तर और आई सी यू समेत जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
हादसे वाले रूट की छह ट्रेनें रद्द कर दी गईं हैं। वहीं कई गाड़ियों का रूट बदला गया है। रेस्क्यू के बाद ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू होगा।
ट्रेन दुर्घटना के बाद शनिवार को होने वाला गोवा-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस का इनॉगरेशन कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।