बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम का ऐलान , केएल राहुल कप्तान-पुजारा उपकप्तान

नई दिल्ली । भारत और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 22 दिसंबर से ढाका में खेला जाएगा। इस टेस्ट के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपडेटेड स्क्वॉड जारी किया है। नियमित कप्तान रोहित शर्मा दूसरे टेस्ट से भी बाहर हो गए हैं। वहीं, तेज गेंदबाज नवदीप सैनी बिना कोई मैच खेले ही दूसरे मुकाबले से बाहर हो गए। केएल राहुल ही दूसरे टेस्ट में भी कप्तानी करते दिखेंगे ।सीरीज के अंतिम टेस्ट मैच में रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में टीम के कप्तान केएल राहुल होंगे और उपकप्तानी चेतेश्वर पुजारा करते नजर आएंगे।

बीसीसीआई ने कहा- रोहित शर्मा वनडे सीरीज के दौरान अपने बाएं अंगूठे में चोट लगा बैठे थे। इसके बाद से वह बीसीसीआई की मेडिकल टीम की देखरेख में हैं। रोहित को चोट ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान लगी थी। मेडिकल टीम का मानना है कि चोट को पूरी तरह से ठीक होने में थोड़ा और वक्त लगेगा, ताकी वह पूरे जोरशोर से बल्लेबाजी और फील्डिंग कर सकें। वह अपना रिहैबिलिटेशन जारी रखेंगे और बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए भारत की अपडेटेड टीम: केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा (उपकप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव शार्दुल ठाकुर, मो. सिराज, उमेश यादव, अभिमन्यु ईश्वरन, सौरभ कुमार, जयदेव उनादकट।