गुजरात चुनाव : भाजपा के घोषणापत्र में राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा

गांधीनगर । अगले महीने होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसमें उसने पार्टी की सत्ता बरकरार रहने पर राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने का वादा किया।

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा द्वारा यहां जारी किए गए घोषणापत्र में पार्टी ने लड़कियों के लिए ‘केजी से पीजी’ (नर्सरी से स्नातकोत्तर) तक मुफ्त शिक्षा का भी वादा किया। पार्टी ने यह भी आश्वासन दिया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत चिकित्सा बीमा कवर की राशि को पांच लाख रुपये से दोगुना करके 10 लाख रुपये किया जाएगा।

बीजेपी ने घोषणा पत्र में-गुजरात को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना, उत्कृष्टता के स्कूल (एसईओ) परियोजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के तहत वार्षिक कैप को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपए प्रति परिवार करना, समान नागरिक संहिता को लागू करना, ब्लू इकोनॉमी इंडस्ट्री कोरिडोर, आदि कई वादे किए हैं।

बीजेपी ने अपने घोषणापत्र में गुजरात रिकवरी ऑफ डैमेज ऑफ पब्लिक एंड प्राइवेट प्रॉपर्टीज एक्ट को लागू करने का भी वादा किया है। इस अधिनियम का उद्देश्य दंगों, हिंसक विरोध प्रदर्शनों, अशांति आदि के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को किए गए नुकसान की वसूली करना है।

नड्डा ने घोषणा पत्र जारी होने के मौके पर कहा, ‘हम हमेशा वही करते हैं जो हम कहते हैं और यह हमारी विशेषता है कि हम वह भी करते हैं जो हमने (घोषणापत्र में) नहीं कहा है।‘ पार्टी ने कहा कि वह गुजरात ओलंपिक मिशन भी लॉन्च करेगी और घोषणापत्र के अनुसार 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के उद्देश्य से विश्व स्तरीय खेल बुनियादी ढांचा तैयार करेगी।

घोषणापत्र में अगले 5 वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये के बजट के साथ 20,000 सरकारी स्कूलों को उत्कृष्टता के स्कूलों में परिवर्तित करने का भी उल्लेख किया गया है। नड्डा ने कहा, ‘हम केजी से पीजी तक सभी छात्राओं को मुफ्त, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेंगे।‘

नड्डा ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा, ‘गुजरात की प्रगति के लिए, हम विनिर्माण क्षेत्र में अपनी प्रमुख स्थिति को बनाए रखते हुए, सेवाओं पर ध्यान केंद्रित करके और नए दौर के उद्योगों के लिए मानव और संस्थागत क्षमता निर्माण में निवेश करके गुजरात को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाएंगे। हम 5 लाख करोड़ रुपये के विदेशी निवेश को आकर्षित करेंगे और गुजरात को भारत का रक्षा और विमानन विनिर्माण केंद्र बनाएंगे।’

घोषणापत्र में, बीजेपी ने गुजरात के लोगों को पीडीएस प्रणाली के माध्यम से साल में चार बार 1 लीटर खाद्य तेल और 1 किलो सब्सिडी वाला चना प्रति माह रियायती दरों पर देने का भी वादा किया। इसके अलावा, भाजपा गौशालाओं को मजबूत करके (500 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट), 1,000 अतिरिक्त मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों की स्थापना और पूर्ण टीकाकरण और बीमा सुनिश्चित करके पशुधन की समग्र देखभाल सुनिश्चित करेगी।

बीजेपी लगातार छह चुनावों से गुजरात में जीत दर्ज कर रही है और इसका उद्देश्य दिसंबर के पहले सप्ताह में होने वाले आगामी चुनावों में विपक्षी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ सत्ता बनाए रखना है। 2017 के पिछले चुनाव में बीजेपी ने 99 सीटों पर जीत हासिल की थी और कांग्रेस 77 सीटों के साथ करीब आई थी।

बीजेपी के बड़े वादे

-जेपी नड्डा ने राज्य में यूसीसी लागू करने की घोषणा करते हुए कहा, “हम गुजरात में समान नागरिक संहिता का पूर्ण कार्यान्वयन सुनिश्चित करेंगे। कार्यान्वयन गुजरात यूसीसी समिति की सिफारिशों के आधार पर किया जाएगा।”
-राज्य में एक ‘एंटी-रेडिकलाइजेशन’ सेल के निर्माण का वादा करते हुए, उन्होंने कहा, “बीजेपी राज्य में एक ‘एंटी-रेडिकलाइजेशन’ सेल बनाएगी। सेल को संभावित खतरों और आतंकवादी संगठनों और भारत विरोधी ताकतों के स्लीपर सेल की पहचान करने और खत्म करने के लिए बनाया जाएगा।”
-उन्होंने कहा, “गुजरात की प्रगति के लिए, हम राज्य को प्रत्यक्ष विदेशी निवेश गंतव्य बनाकर गुजरात की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था के बराबर बनाएंगे।”
-गुजरात के चिकित्सा बुनियादी ढांचे में सुधार के प्रयासों में, नड्डा ने घोषणा की, “हम तीन नागरिक चिकित्सा, दो एम्स-ग्रेड संस्थान स्थापित करने और मौजूदा स्वास्थ्य सुविधाओं में बुनियादी ढांचे का उन्नयन करने के लिए 10,000 करोड़ रुपये का महाराजा श्री भगवतसिंहजी स्वास्थ्य कोष बनाएंगे।”