विलियम्सन का अर्धशतक, न्यूजीलैंड T20 WC के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी

एडिलेड । कप्तान केन विलियम्सन (61) के टूर्नामेंट के पहले अर्धशतक और लॉकी फग्र्युसन (22 रन पर तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के सधे हुए प्रदर्शन से न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को आयरलैंड को 35 रन से हराकर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। हालांकि अभी आधिकारिक रूप से टीम क्वालीफाई नहीं की, क्योंकि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के एक-एक मैच बचे हैं और अगर ये टीमें अपने- अपने मुकाबले जीतती हैं, तो नेट रन रेट देखा जाएगा। हालांकि न्यूजीलैंड की टीम का नेट रन रेट +2.113 है, जो कि ऑस्ट्रेलिया (-0.304 ) और इंग्लैंड (+0.547) से काफी बेहतर है, ऐसे में न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन चुकी है। लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड की टीम नौ विकेट पर 150 रन ही बना सकी। विलियम्सन को उनके अर्धशतक के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

विलियमसन ने टूर्नामेंट का अपना पहला अर्धशतक जड़ा। विलियम्सन ने 35 गेंदों पर 61 रन में पांच चौके और तीन छक्के लगाए। फिन एलेन ने 32 और डेवोन कॉन्वे ने 28 रन का योगदान दिया। डैरिल मिचेल ने 21 गेंदों पर नाबाद 31 रन बनाये।

आयरलैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जोश लिटिल ने यहां एक शानदार कारनामा कर दिखाया। गेंदबाज ने अपने चौथे और पारी के 19वें ओवर में टूर्नामेंट की दूसरी हैट्रिक अपने नाम की। उन्होंने 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर विलियमसन (61), तीसरी गेंद पर जिमी नीशम (0) और चौथी गेंद पर मिचेल सेंटनर (0) का विकेट झटका। उनकी हैट्रिक के बावजूद न्यूजीलैंड ने मजबूत स्कोर बनाया जो अंत में आयरलैंड पर भारी पड़ा।

आयरलैंड की पारी में सलामी बल्लेबाज पॉल स्टलिर्ंग ने 37 और कप्तान एंडी बालबिर्नी ने 25 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 30 रन बनाये। जॉर्ज डॉकरेल ने 15 गेंदों में 23 रनों का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की तरफ से फग्र्युसन के तीन विकेट के अलावा टिम साउदी, मिचेल सेंटनर और ईश सोढी ने दो-दो विकेट लिए।

प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए विलियमसन ने मैच के बाद कहा, “पिच शुरूआत में धीमी थी लेकिन हमें अच्छी शुरूआत मिली। बल्लेबाजी के दौरान मेरी यही कोशिश थी कि साझेदारी बनाऊं। गेंदबाजी में भी स्पिनरों ने अच्छा प्रदर्शन किया। कुल मिलाकर यह एक टीम एफर्ट रहा।”

विलियमसन ने कहा, “यह एक टीम के तौर पर बहुत अच्छा प्रदर्शन था, आज हमने हर विभाग में अच्छा किया। पहले सलामी बल्लेबाजों ने पावरप्ले में अच्छी शुरूआत दी जिस वजह से हमारे पास बाद में पारी को आगे ले जाने का भरपूर समय था। बल्लेबाजी के दौरान मैं यही कोशिश कर रहा था कि अधिक से अधिक देर क्रीज पर बिताऊं और साझेदारी बनाने का प्रयास करूं। स्पिनर्स ने पहले कुछ ओवर अच्छे नहीं जाने के बाद मैच को वापस हमारे पलड़े में झुका दिया।”