भारत ने वनडे सीरीज पर किया कब्जा, साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हराया

नई दिल्ली । भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीता और सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाया। भारत के लिए गेंदबाजी में कुलदीप यादव और बल्लेबाजी में शुभमन गिल मैच के हीरो रहे। कुलदीप ने 4 विकेट चटकाए, जबकि गिल ने 49 रन की पारी खेली। इस मैच में भारत के कप्तान शिखर धवन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। ऐसे में साउथ अफ्रीका की टीम को पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी और टीम 99 रन पर ढेर हो गई। इस तरह भारत को मुकाबला और सीरीज जीतने के लिए 100 रन बनाने थे। भारत ने इस लक्ष्य को 19.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम पूरी तरह से अनियंत्रित नजर आई, क्योंकि पावरप्ले में ही सिर्फ 26 रन पर उन्होंने तीन महत्वपूर्ण विकेट खो दिए। इस दौरान, सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक (6), जेनमैन मलान (15) और रीजा हेंड्रिक्स (3) जल्द ही आउट होकर चलते बने। इसके बाद, एडेन मार्करम और हेनरिक क्लासेन ने पारी को संभालने का काम किया।

इसके बाद, अफ्रीकी टीम पूरी तरह से बिखरती नजर आई, क्योंकि 16वें ओवर में शाहबाज ने मार्करम (9) को आउट करने के बाद, जल्द ही उनके पीछे कप्तान डेविड मिलर (7), क्लासेन (34), एंडिले फेहलुकवायो (5) पवेलियन लौट गए। इस बीच, 25वें ओवर में कुलदीप ने ब्योर्न फोर्टुइन (1) और एनरिक नॉर्टजे (0) को लगातार गेंदों पर अपना शिकार बनाया, जिससे प्रोटियाज 94 रनों पर अपना नौ विकेट गंवा दिए।

अफ्रीका को आखिरी झटका भी कुलदीप ने मार्को जेनसन (14) को आउट करके दिया, जिससे प्रोटियाज 27.1 ओवर में 99 रनों पर सिमट गई।