मोहाली वीडियो लीक कांड: गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं के स्नान का वीडियो वायरल, सीएम ने दिए जांच के आदेश

चंडीगढ़ । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली के प्राइवेट यूनिवर्सिटी में लड़कियों का अश्लील वीडियो वायरल होने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए रविवार को मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां हमारी गरिमा और गौरव हैं और इस तरह की कोई भी घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने जिला प्रशासन से घटना की गहन जांच करने को कहा है।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस जघन्य अपराध के अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पंजाब के मोहाली में एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में कुछ छात्राओं का नहाते समय अश्लील वीडियो बनाया गया। इसका खुलासा तब हुआ, जब शिमला में बैठे एक पुरुष ने उनकी ये वीडियो इंटरनेट पर अपलोड कर दी। बताया जा रहा है कि हॉस्टल में रही एक छात्रा ने अन्य छात्राओं के अश्लील वीडियो बनाकर शिमला में बैठे दोस्त के माध्यम से सोशल मीडिया पर वायरल करा दिया।

छात्राओं को जैसे ही इस घटना का पता चला, यूनिवर्सिटी में हंगामा मच गया। छात्राओं ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने ‘हमें न्याय चाहिए’ के नारे लगाए।

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि हॉस्टल में रहने वाली आठ छात्राओं ने इंटरनेट पर अपना वीडियो देखकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।