मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर दुर्घटना में कार सवार मंगेतर युवक युवती की दर्दनाक मौत, 41 दिन बाद थी शादी

मथुरा। यमुना एक्सप्रेस वे पर बीती रात्रि बलदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत अज्ञात वाहन की टक्कर से एक कार में सवार मंगेतर युवक युवती की दर्दनाक मृत्यु होने का समाचार प्रकाश में आया है। दुर्घटना में कार पूरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई जिसको काटकर मृतकों के शवों को बाहर निकाला गया। बलदेव थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम ग्रह भेज दिए हैं। मृतकों की पहचान अलका पुत्री प्रदीप कुमार निवासी नारायण विहार प्रेम नगर किरारी सुलेमान नगर नॉर्थ वेस्ट दिल्ली तथा विशाल पुत्र एसएन प्रसाद निवासी आरके पुरम सेक्टर 8 नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों की 18 अक्तूबर को शादी होनी थी। दोनों परिवार शादी की तैयारियां में जुटे थे। देर रात उन्हें हादसे की सूचना मिली तो परिवारों में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों के आंसू नहीं थम रहे थे।
बताया जाता है बीती रात्रि करीब साढ़े 12 बजे यमुना एक्सप्रेस के माइल स्टोन 135 किमी नोएडा से आगरा के रास्ते पर वाहन स DL 10 CG 7987 कार को किसी अज्ञात वाहन ने पीछे टक्कर मार दी जिससे कार में सवार महिला व पुरुष की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दोनों के शव कार में बुरी तरह से फंसे हुए थे उनको यमुना एक्सप्रेस वे की रेस्क्यू टीम के साथ पुलिस ने गाड़ी के अंदर से निकाला। कार के अंदर से प्राप्त कागजों से मृतकों के नाम पते की जानकारी हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के आरके पुरम सेक्ट आठ निवासी युवक विशाल पुत्र एसएन प्रसाद अपनी मंगेतर अलका पुत्री प्रदीप कुमार के साथ कार से आगरा ताज महल देखने के लिए निकला था। दुर्घटना की सूचना पर थाना पुलिस और एक्सप्रेस वे के कर्मचारी पहुंच गए। सूचना मिलते ही दोनों मृतकों के परिजन पोस्टमार्टम घर पहुंच कर पुलिस से घटना की जानकारी ली। मृतक के परिजन ने बताया कि विशाल और अलका की सगाई हो चुकी थी।