25 वी बार आये है इस बार मुख्यमंत्री मथुरा , बृज के कण-कण में राधा-श्रीकृष्ण हैं विद्यमान: योगी

मथुरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृन्दावन स्थित पर्यटक सुविधा केन्द्र (टीएफसी) में उ.प्र. ब्रजतीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर महाराज श्री विजय कौशल के सानिध्य में मंगल परिवार द्वारा अन्नपूर्णा भवन के संचालन का दायित्व उठाया गया है वह वास्तव में वंदनीय है। जितनी भी सभ्यताऐं हैं उनका इतिहास 700, 1400, 2500 तथा 2700 वर्ष पुराना है जबकि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म लगभग 5000 वर्ष पूर्व इसी पावन भूमि पर हुआ था। इसी लिए बृज के कण-कण में राधा और श्रीकृष्ण विद्यमान हैं।
मुख्यमंत्री श्री योगी ने कहा कि हजारों श्रद्धालु यहां नंगे पैर भगवान के दर्शन करने आते हैं और यहां की परिक्रमा लगाते हैं। उनकी इच्छा है हम अपने प्रभु के दर्शन करें और जो संभव हो सके उसे अर्पित करें। उ.प्र. ब्रजतीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कान्त मिश्र से पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद मेरी मुलाकात हुई। मैंने उनसे बाबा देवराह एवं अन्य पूज्य संतों की पावन भूमि ब्रज में रहकर अपनी संस्कृति और सांस्कृतिक धरोहरों को बचाने में अपना सहयोग प्रदान करने के लिए कहा। उनके द्वारा ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से ब्रज की संस्कृति और यहां के धरोहरों का निरंतर संरक्षण एवं विकास किया जा रहा है जो सराहनीय है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज मथुरा आने से पूर्व में जनपद बलिया में था। आज ही के दिन बलिया के लोगों ने जेल का गेट तोड़कर विभिन्न क्रान्तिकारियों को मुक्त कराते हुए बलिया को स्वतंत्र घोषित कर दिया था।
उन्होंने कहा कि यह मथुरा की पावन भूमि है जहां वैष्णव कुम्भ प्रारम्भ हुआ तब हमारे संतो के आर्शीवाद से कोरोना निष्प्रभावी रहा। हमारे संतो के कुम्भ से कदम हटते ही कोेरोना ने अपना असर दिखाना शुरू किया जिसको केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा पूरे ताकत लगाकर रोका गया तथा कोरोना पर विजय प्राप्त की गई। काशी विश्वनाथ धाम में एक माह में 01 करोड़ श्रद्धालुओं ने दर्शन किये और अयोध्या भी हमें आज त्रेतायुग की याद दिलाता है। मथुरा के अनेकों तीर्थ स्थल जैसे गोकुल, बरसाना, नन्दगांव, गोवर्धन, वृन्दावन आदि का भी विकास निरंतर किया जा रहा है।

कार्यक्रम में उ.प्र. ब्रजतीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कान्त मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री 25वीं बार मथुरा आये हैं जिससे उनकी रजत जयन्ती पूर्ण हुई है। हम उम्मीद करते हैं कि हीरक जयन्ती भी पूर्ण हो। माॅ वैष्णों देवी में इस वर्ष लगभग 80 लाख श्रद्धालु दर्शन करने गये जबकि हमारे ब्रज में पौने तीन करोड़ श्रद्धालुगण दर्शन करने आते हैं। इसी क्रम में महाराज विजय कौशल ने कहा कि योगी जी के दिल में गरीब एवं असहाय लोग जो यहां तीर्थ यात्री के रूप में आते हैं, उनके भोजन के लिए व्यवस्था करने की बात मन में आई और उन्होंने लगभग 05 करोड़ रू. देकर अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कराया। उनके ह्रदय में गरीब और धार्मिक व्यक्तियों की पीडा खत्म करनेे की सदैव चिंता बनी रहती है।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह नेे ब्रज क्षेत्र एवं पूरे प्रदेश के विकास के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि धार्मिक स्थल काशी, अयोध्या, प्रयागराज के साथ मथुरा का भी विकास किया जा रहा है। गन्ना विकास एवं चीनी मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण ने कहा कि ब्रज वह क्षेत्र है जहां कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहता, यहां के लोग अपनी थाली से भी भोजन दूसरों को दे देते हैं। मुख्यमंत्री द्वारा श्रद्धालुओं के लिए अन्नपूर्णा भवन का निर्माण करके ब्रजक्षेत्र के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य किया गया है।
इस अवसर पर साध्वी ऋतम्भरा ने कहा कि किसी भी कार्य को समर्थ करने की शक्ति उसी के ह्रदय में होती है, जिसका ह्रदय अंदर से साधु हो जाता है। उन्होंने कहा कि योगी जी के नेतृत्व में दण्ड करने वालों को दण्डित किया जा रहा और अच्छे लोगों की वंदना की जा रही है। जब पत्थर पर चोट लगती है जो पत्थर टूट जाता है वह कंकड बन जाता है और जो सह जाता है वह शंकर बन जाता है। पतंजलि पीठ के आचार्य बालकृष्ण ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि उनके राज्य में साधुसंत ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण समाज भयमुक्त वातावरण में रह रहा है।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में मुख्यमंत्री ने संत समाज का शॉल उढाकर स्वागत किया, साथ ही उन्होंने श्रीबांके बिहारी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पर्यटक सुविधा केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने विगत रंगोत्सव कार्यक्रम पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया।
कार्यक्रम के अंत में विधायक श्रीकांत शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में मंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान सूर्य प्रतात शाही जिला पंचायत अध्यक्ष चौ. किशन सिंह, महापौर डाॅ. मुकेश आर्यबन्धु उ.प्र. बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डाॅ. देवेन्द्र शर्मा उ.प्र. व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकान्त गर्ग विधायक गोवर्धन ठा. मेघश्याम सिंह विधायक बल्देव पूरन प्रकाश विधायक मांट राजेश चौधरी भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल सदस्य विधान परिषद विद्या सागर सोनकर ओमप्रकाश सिंहकाॅपरेटिव अध्यक्ष तेजवीर सिंह नारायण दास अग्रवाल रमेश अग्रवाल महेश बाबू गुप्ता पवन नन्दन मुरली मनोहर दास साध्वी सत्या प्रिया मोहित द्विवेदी, आगरा जोन के एडीजी राजीव कृष्ण मण्डलायुक्त अमित गुप्ताआईजी नचिकेता झा जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव नगर आयुक्त अनुनय झा सीईओ/एमवीडीए के उपाध्यक्ष नगेन्द्र प्रताप मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. नितिन गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री द्वारा टीएफसी परिसर के बाहर 05 इलेक्ट्रोनिक एसी युक्त बसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।