नई दिल्ली । एयरक्राफ्ट में सिगरेट पीते हुए सामने आए बॉबी कटारिया के वायरल वीडियो पर सीआईएसएफ ने जवाब दिया है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के मुताबिक ये वीडियो भ्रामक तरीके से फैलाया जा रहा है और ये लगभग 7 महीने पुराना है। सीआईएसएफ की तरफ से आज गुरुवार को ये बयान जारी किया गया है। फ्लाइट में सिगरेट पीते हुए बॉबी कटारिया नामक शख्स का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच में तैनात एजेंसी सीआईएसएफ पर कई सवाल खड़े हो रहे थे। ये भी कहा जा रहा था, कि ये सुरक्षा जांच में बरती गई लापरवाही है। इसके बाद सीआईएसएफ ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हेंडिल से जवाब देते हुए कहा है कि ये वीडियो 7 महीने पुराना है और बॉबी कटारिया ने दुबई से दिल्ली के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ान ली थी।
सीआईएसएफ ने कहा कि दिल्ली आने के बाद पुलिस ने इस शख्स के खिलाफ मामला भी दर्ज किया था। एयरलाइन्स ने इसकी शिकायत भी करवाई थी। ऐसे में सीआईएसएफ की सुरक्षा जांच में कोई गड़बड़ी नहीं थी।
गौरतलब है की बॉबी कटारिया नाम के शख्स का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वो फ्लाइट के अंदर धूम्रपान करते हुए नजर आ रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहे थे कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बाबजूद लाइटर एयरक्राफ्ट के अंदर कैसे पहुंच गया। अब इस पूरे मामले पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की तरफ से सफाई सामने आई है।