मथुरा में फौजियों ने बचाई विशालकाय वाहन के नीचे आये युवक की जान

मथुरा। शहर के चांदमारी रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवर ब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर अनियंत्रित हाइड्रा की चपेट में आने से पापड बेचने वाले एक मोपेड़ सवार युवक की जान पर बन आई जिसे सैनिको ने बहादुरी का परिचय देते हुए बचा लिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही रोज की ट्रेनिंग कर रहे सैनिक मौके पर पहुंच गए और उन्होंने हाइड्रा के नीचे फंसे युवक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। तत्काल मिलेट्री अस्पताल ले जाकर उसका इलाज करवाया। युवक की हालत ठीक होने पर पुलिस के द्वारा उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को करीब 11 बजे पापड़ बेचने वाला 35 वर्षीय सतीश पुत्र श्री बांके लाल निवासी साथनी थाना इगलाश अलीगढ़ निजी काम से जा रहा था। इस दौरान थाना सदर बाजार क्षेत्र में मछली फाटक पुल के समीप तेज रफ्तार हाइड्रा अनियंत्रित हो गया। मुर्गा फाटक पुल से उतरते हाइड्रा ने बाइक सवार सतीश को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी जबकि बाइक सवार युवक उसके नीचे आकर फंस गया। युवक को फंसा देख सेना के जवान वहां आ गए उन्होंने करीब आधा घण्टे की मेहनत के बाद रेस्क्यू कर युवक को हाइड्रा के नीचे से निकाला।
बताया जाता है स्टेट बैंक चौराहा की तरफ से हाइड्रा टैंक चौराहा की तरफ आ रहा था। हाइड्रा जब मुर्गा फाटक फ्लाई ओवर के ऊपर पहुंचा तभी ब्रेक फेल होने के कारण अनियन्त्रित हो गया। अनियंत्रित हुए हाइड्रा के चपेट में डेम्पियर नगर निवासी करन सिंह एडवोकेट की कार भी चपेट मे आने से कार आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। एक सवरियों से भरा टैंपू भी डेमेज हो गया। मुर्गा फाटक फ्लाई ओवर पर हुए हादसे के कारण दोनों तरफ जाम लग गया। काफी देर तक जाम लगा रहा लेकिन सदर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। करीब आधा घण्टे तक पुलिस के न पहुंचने पर सेना के जवानों ने रेस्क्यू करने के बाद जाम खुलवाने का भी काम किया। जवानों ने कुछ ही देर में जाम खुलवा कर रास्ता क्लियर कर दिया। हादसा जिस जगह हुआ वह छावनी क्षेत्र में है और स्ट्राइक 1 कोर के मुख्यालय के सामने था। सेना के जवानों को जब पता लगा कि एक युवक हाइड्रा के नीचे फंस गया है और जिंदगी व मौत के बीच जूझ रहा है वह तत्काल आ गए और सेना के जवानों ने मानवता का परिचय देते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा को अपने कब्जे में ले लिया वहीं उसका ड्राइवर मौके से फरार हो गया।