ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के निर्माण का गडकरी ने देखा प्रेजेंटेशन, हाईवे के लिंक मार्गो से जल भराव की समस्या दूर करने का दिया आश्वासन
नई दिल्ली। मंगलवार को नई दिल्ली के ट्रांसपोर्ट भवन में ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के निर्माण के लिए देश के ट्रांसपोर्ट मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया । इसके अलावा सांसद हेमामालिनी ने उनको मथुरा जनपद की सीमा में राष्ट्रीय राजमार्ग के संपर्क मार्गो पर जगह-जगह जलभराव की समस्या के निदान के लिए अनुरोध किया।
प्रेजेंटेशन में तीर्थ विकास परिषद के अधिकारियों एवं मंत्रालय के अधिकारियों के मध्य विस्तार से वार्तालाप हुआ तथा मथुरा में राष्ट्रीय राजमार्ग के ओवर ब्रिज के आसपास विशेषकर निर्माणाधीन नया बस अड्डा के पास भविष्य में आने वाली जाम की समस्या तथा जलभराव की समस्या के निराकरण के समाधान का भी आश्वासन मिला। बताया गया कि भविष्य में शीघ्र ही ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा की डीपीआर बन जाएगी उसके पश्चात निर्माण शुरू होगा।
इसके अलावा सांसद हेमामालिनी ने श्री गडकरी को एक पत्र दिया जिसमे उन्होंने देश विदेश से राजमार्ग-19 के जरिये कान्हा की नगरी मेें पहुंचने वाले पर्यटक श्रद्धालुओं को राजमार्ग से आने के दौरान लिंक मार्गाें पर बने ओबर ब्रिज के सर्विस मार्गों पर जल निकासी व गंदगी की समस्या से अवगत कराया । मार्गों से जल निकासी की समस्या का समाधान कराने के साथ ही सौन्द्रीयकरण कराये जाने की मांग की है। सांसद द्वारा केन्द्रीय मंत्री को अवगत कराया गया है कि बाहरी श्रद्धालुओं के कान्हा की नगरी में पहुंचने के लिए राजमार्ग से लिंक मार्ग छटीकरा रोड़, गोकुल रेस्टोरेन्ट तिराहा, मण्डी चौराहा, गोवर्धन चौराहा, महौली रोड, नरहौली चौराहा, टाउन शिप तिराहा आदि से नगर में प्रवेश करना होता है। यहां ओबर ब्रिज बने होने के चलते उन्हें सर्विस से गुजरना होता है लेकिन सर्विस रोड़ पर जल भराव की समस्या के साथ ही गंदगी का आलम रहता हैै। जिससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रेजेंटेशन में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ सांसद श्रीमती हेमा मालिनी उ.प्र. बृज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्रा उपाध्यक्ष मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण नगेंद्र प्रताप राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारी सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा मौजूद रहे ।