मथुरा में अभी लगी रहेगी चुनाव आचार संहिता, अप्रैल के दूसरे वीक में हटेगी इस दौरान नहीं होंगे तबादले और विकास कार्य

मथुरा । उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद आचार संहिता समाप्त हो गई है परंतु जिन जिलों के लिए एमएलसी चुनाव होने हैं वहां आचार संहिता अभी लागू रहेगी । यह आदेश शासन ने मथुरा सहित सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारी को भेज दिया है।
स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी के चुनाव के लिए 15 मार्च को जिले में अधिसूचना जारी होगी। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। इस दौरान निर्वाचन क्षेत्र के रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों का चुनाव तक तबादला भी नहीं हो सकेगा। विधानसभा चुनाव के कारण इस चुनाव को टाला गया था। पहले इस चुनाव की तिथि तक घोषित हो गई थी। 4 से 11 फरवरी तक नामांकन होने थे। 3 मार्च को मतदान और 12 मार्च को मतगणना निर्धारित थी लेकिन आयोग ने इसे स्थगित कर दिया था। यूपी विधान परिषद के 35 स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों से 36 सदस्यों का निर्वाचन दो चरणों में होना था।

अब आयोग की ओर से निर्धारित तिथि के मुताबिक 15 से 22 मार्च तक नामांकन भरे जायेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 23 मार्च को, पर्चा वापसी 25 मार्च को निर्धारित है। इसी क्रम में 9 अप्रैल को मतदान व 12 अप्रैल को वोटों की गिनती होगी।
परिणाम घोषित होने के बाद सभी जिलों से आचार संहिता समाप्त हो जाएगी। आचार संहिता लगने के दौरान अधिकारियों के तबादले और किसी प्रकार के कोई विकास कार्य नहीं हो सकेंगे।