प्रतापगढ़ के कुंडा सीट से राजा भैया जीते, लगातार सातवीं बार लहराया परचम

कुंडा । यूपी के प्रतापगढ़ की कुंडा सीट पर रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने लगातार सातवीं जीत दर्ज की है। सपा और भाजपा प्रत्याशियों को हराते हुए राजा भैया ने शानदार जीत दर्ज की है। अखिलेश यादव ने कुंडा पर कुंडी लगाने की बात कही थी लेकिन सपा प्रत्याशी गुलशन यादव ऐसा नहीं कर सके।

राजा भैया इस बार जनसत्ता दल के नाम से पार्टी बनाई और उसी से मैदान में उतरे थे। कुंडा के साथ ही जनसत्ता दल ने बगल की बाबागंज सीट भी जीत ली है। इस सीट पर विनोद सरोज को मैदान में उतारा गया था। वहां भी सपा प्रत्याशी गिरीश चंद्र 15888 वोटों से हार गए हैं।

25 राउंड तक राजा भैया को 87544 और सपा के गुलशन यादव को 59725 वोट मिल चुके थे। यहां भाजपा की सिंधुजा को 14169 वोट मिले। बसपा के फहीम को 2697 और कांग्रेस के योगेश को 464 वोट मिले।

उत्तर प्रदेश की सियासत में एक अहम नाम के रूप में राजा भैया की पहचान है। अब तक जिस भी सरकार के साथ गए मंत्री भी बने। तीन दशक से राजा भैया ने अपना किला सुरक्षित रखा है। राजा भैया इस सीट पर 1993 से चेहरा बने हुए हैं।

उन्‍होंने इस सीट पर 1993 में पहला चुनाव निर्दलीय लड़ा और जीते। इसके बाद वह 1996, 2002, 2007, 2012 और 2017 के चुनाव में भी लगातार जीतते रहे। अब सातवीं बार चुनाव के मैदान में हैं।