मथुरा वृन्दावन में 5 हजार मंदिरों का कराया जीर्णोद्धार, मांट में राजेश चौधरी को जिताने की अपील
मथुरा। प्रदेश में पिछले 9 विधान सभा चुनाव में से 8 चुनाव के परिणाम एक तरफा रखने वाली मांट विधान सभा के टैंटीगांव में रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ विपक्षीयों पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में 700 दंगे हुए। आज प्रदेश में बेटी,मां, गौमाता सभी सुरक्षित है। आने वाली भाजपा सरकार में हमारे एक हाथ में बुल्डोजर होगा तो दूसरे हाथ में विकास होगा। हमारी सरकार ने मथुरा वृन्दावन में 5 हजार मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया है। साथ ही कोरोना से बचाव हेतु वैक्सीन ने करोड़ों लोगों को सुरक्षित कर दिया लेकिन इस वैक्सीन को मोदी वैक्सीन का नाम देकर लोगों से न लगवाने की अपील करने वाले राजनैतिक दलों को वोट की चोट देकर तमाचा मारा जाये। मांट में जिस तरह का विकास होना चाहिए था वह नही हुआ। एक बार भाजपा को मौका दीजिये यहा विकास की गंगा बहने लगेगी। इस अवसर पर सिने अभिनेत्री व सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता चरम पर थी। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण मथुरा का जवाहऱ बाग कांड है जहां सरकारी बाग पर कब्जे का असफल प्रयास हुआ। इसे अतिवादियों से मुक्त कराने के लिए पुलिस के एक सीओ सहित दरोगा को अपनी कुर्बानी देनी पडी। सपा सरकार में विकास को आने वाले पैसे अपने इत्र मित्रों के यहां भिजवा दिये जाते थे। मांट से भाजपा प्रत्याशी राजेश चौधरी ने मार्मिक अपील करते हुए कहा कि मैं आपका ही बेटा हूं। मैंने विधायक न होते हुए भी क्षेत्र के विकास के लिए कार्य किया है। अगर यहां से आप एक बार विधायक बना देते है तो डबल इंजन की सरकार मांट में चहुमुखी विकास कर दिखायेगी। मुख्यमंत्री योगी ने स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए ठाकुर बांकेबिहारी महाराज से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लिए दुखद समाचार है। लंबे समय तक जिन्होंने अपनी मधुर आवाज से भारत के संगीत को वैश्विक मंच पर एक स्थान दिलाया। जिन्होंने भारत की संस्कृति और शास्त्रीय परंपरा का अनुपालन करते हुए अपना पूरा जीवन संस्कृति और संगीत के लिए समर्पित किया। ऐसी भारत रत्न लता मंगेशकर जी हमारे बीच में नहीं रहीं। हम भारी मन से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
टैंटीगांव में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वृंदावन बिहारी लाल और राधारानी की इस पावन धरती को कोटि-कोटि नमन। आज पूज्य संतों का आशीर्वाद भी प्राप्त हो रहा है। मैं इन पूज्य संतों का भी इस संवाद के कार्यक्रम में हृदय से स्वागत करता हूं। अभिनंदन करता हूं। संतों का ही सानिध्य है कि आज ब्रज क्षेत्र फिर से अपने पुरातन वैभव को प्राप्त करते हुए वैष्णव कुंभ के ऐतिहासिक आयोजन को करने में सफल रहा। गंगा मैया की तरह ही यमुना मैया भी निर्मल और अविरल होंगी। पांच वर्ष में प्रदेश में हर क्षेत्र में कुछ न कुछ बदलाव हुआ है। बदलाव की पहली शर्त होती है कानून का राज, बिना भेदभाव के सुरक्षा। 2012 से 2017 के बीच की अगर हम चर्चा करते हैं तो 2012 में सबसे पहला दंगा सपा सरकार में इसी जिले में कोसी में हुआ था। अंतिम दंगा भी मथुरा के जवाहरबाग में हुआ था। इसमें सत्तापोषित अपराधियों द्वारा पुलिस कर्मी शहीद हुए थे। समाजवादी पार्टी के समय का वह वीभत्स काम था। जिसने सपा मुखिया को कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा। गुंडे अपराधियों को ये लोग प्रश्रय थे। इसलिए सरकार भी दुम दबाकर चुपचाप मौन रहती थी। सज्जनों का संरक्षण होगा, जो कानून के लिए खतरा बने हैं, हमारी पुलिस भी ऐसी कूटेगी कि उन्हें जिंदगी की भीख मांगते गले में तख्ती लटकाना पड़ेगा। सीएम ने कहा कि डबल इंजन की सरकार है। सुरक्षा का वातावरण क्या 2017 के पहले था। क्या पहले सरकार सुरक्षा दे पाती थीं। यदि वह सुरक्षा देतीं तो कोसीकलां का दंगा नहीं होता। जवाहर बाग की घटना नहीं होती। बुलंदशहर का उपद्रव नहीं होता। अराजकता नहीं फैलती। मुजफ्फर नगर में गौरव और सचिन जैसे नौजवान नहीं मारे जाते। लेकिन पिछली सरकार के एजेंडे में सुरक्षा थी ही नहीं। क्योंकि सुरक्षा के लिए वह खुद ही खतरा बने थे। पिछली सरकार में कोई प्रदेश में नहीं आना चाहता था। पांच बजे के बाद व्यापारी दुकान बंद कर देते थे। जो घर से निकला, पता नहीं था वापस लौटेगा कि नहीं। ये अराजकता का ताडंव था। 2017 के बाद परिवर्तन आया है। विकास की बहार है। हर व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस करता है। सपा सरकार में 700 बड़े दंगे हुए हैं, सूबे में। भाजपा सरकार में एक भी दंगा पांच साल में नहीं हुआ। 2007 और 2013 में सपा सरकार के समय कुंभ का आयोजन गंदगी का कारक था। 2019 में प्रयागराज का कुंभ भव्य और दिव्य कुंभ वैश्विक मंच पर छाया। हमें अवसर मिला करके दिखा दिया। वह मौके से चूक गए। वह राम और कृष्ण का विरोध करते थे। उ.प्र. ब्रज तीर्थ विकास परिषद का गठन कर सरकार पहले ही मंशा स्पष्ट कर चुकी है कि ब्रज क्षेत्र कोई विकास से वंचित नहीं कर सकता। पांच साल में सरकार ने 700 से अधिक तीर्थों और मंदिरों का जीर्णोद्धार किया है। सपा सरकार का विकास कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल तक है। कोरोना महामारी दुनिया में फैली है, लेकिन भारत में पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राहत कार्य आगे बढ़ा। फ्री में टेस्ट, उपचार, फ्री में वैक्सीन मिली। वैक्सीन का विरोध करने वाले लोग कहां जाएंगे। जो कहते थे मोदी वैक्सीन है। ये वैक्सीन ही जनता जनार्दन की जान को बचा रही है वोट भी वहीं जाएगा, जो बचाएगा। वैक्सीन का विरोध करने वालों को तमाचा मारेंगे। डबल इंजन सरकार में राशन की डबल डोज मिल रही है कि नहीं। पहले भी ये सरकारें दे सकती थीं, लेकिन पहले का पैसा इत्र वाले मित्र के घर में जाता था। इसलिए सपा बसपा की संवेदना गरीब के लिए नहीं था। महिला सुरक्षा के लिए नहीं थी। उनकी संवेदना इत्र वाले मित्र के लिए रहती है। वो कहते हैं कि बुलडोजर चला रहे हैं। हम कहते हैं विकास और बुलडोजर एक साथ चलेगा। अन्नदाता को कुछ नहीं मिलता था। गन्ने का विकास नहीं होता था। विधवा और दिव्यांग को पेंशन नहीं मिलती थी। सपा सरकार ने बंद कर दी थी। ये राशि सपा के पदाधिकराियों को बांटी थी। हमारी सरकार ने एक करोड़ लोगों को 12 हजार की सुविधा दे रहे। ये हमारा समर्पण है। सरकार ने सुरक्षा का वातावरण दिया, जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा खड़ी है। अन्नदाता के उत्थान के लिए डबल इंजन सरकार ने काम किया है। देश के अंदर हर वह काम होगा, जो भारत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाएगा।
इस अवसर पर पूर्व सांसद तेजवीर सिंह, उ.प्र. व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकान्त गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा, पदम सिंह शर्मा आदि मौजूद रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.