मथुरा के जवाहर बाग में अमेजन कंपनी के कर्मचारी का शव पेड़ पर लटका मिलने से सनसनी

मथुरा। सिविल लाइंस स्थित जवाहर बाग मेंअमेजन कंपनी के कर्मचारी का शव पेड़ पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई है। शव को देखने के लिए भारी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान ऋषि कुमार के रूप में हुई है। ज्ञात रहे की कुछ महीने पूर्व जवाहर बाग में एक टेम्पू चालक की लाश मिली थी। पुलिस को इस तरफ ध्यान देना होगा वरना इसी प्रकार सिलसिला चलता रहा तो बाग़ का कब्रगाह बनने में समय नहीं लगेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना हाईवे के बालाजीपुरम निवासी 25 वर्षीय ऋषि कुमार कृष्णा नगर स्थित अमेजन कंपनी में कार्य करता था। सोमवार को सुबह घर से कंपनी के लिए निकला। मगर कंपनी में नहीं पहुंचा। ऋषि कुमार प्रतिदिन दोपहर में खाना खाने के लिए घर आते थे। जब वह दोपहर में खाने के लिए घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने फोन से संपर्क किया फोन उनका नहीं लगा और देर शाम तक उनका कोई जानकारी नहीं लगी। परिजनों ने खोजबीन करना शुरू कर दिया। जब इस बाबत की जानकारी अमेजन कंपनी के मैनेजर से की तो उन्होंने भी सोमवार को काम पर आने से इंकार कर दिया। परिजन अनहोनी की आशंका को देखते हुए खोजबीन के साथ-साथ घटना की सूचना पुलिस को दी। मंगलवार प्रातः उक्त युवक का शव वेटनरी कॉलेज के पीछे जवाहर बाग की जंगल में पेड़ पर लटका मिला है। शव को देख परिजनों की पैरों तले जमीन खिसक गई। भारी संख्या में हुजूम इकट्ठा हो गया। मौके पर समीप ही मृतक की बाइक भी खड़ी मिली है। बताया जाता है कि मृतक के पिता लाखन सिंह भी 2 वर्ष पूर्व सेना में शहीद हुए थे। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है। हत्या या आत्महत्या की पुष्टी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी।