योगी मंत्रिमंडल के एक और मंत्री ने दिया त्यागपत्र , सपा में होंगे शामिल

लख़नऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार भाजपा को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। अब आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी ने पार्टी छोड़ दी है। उनके समाजवादी पार्टी में जाने की सूचना है। डॉ. धर्म सिंह सैनी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
बताया जा रहा है कि सहारनपुर की नकुड़ सीट से भाजपा विधायक धर्म सिंह सैनी ने सरकारी आवास और सिक्योरिटी छोड़ दी है। उन्होंने भी स्वामी प्रसाद मौर्य और दारा सिंह चौहान की तरह मंत्री पद छोड़ दिया है। वह जल्द ही लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलेंगे। बताया जा रहा है कि वह सपा में शामिल होंगे।
श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के योगी मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने और सपा में शामिल होने के बाद से ही माना जा रहा था कि धर्म सिंह सैनी भी स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ ही सपा में शामिल होंगे। सहारनपुर की नकुड़ विधानसभा सीट से चार बार के विधायक रहे डॉ. धर्म सिंह सैनी ने गत चुनाव में कांग्रेस के इमरान मसूद को हराया था। इमरान मसूद भी गत दिवस सपा में शामिल हो गए हैं। धर्म सिंह सैनी के सपा के टिकट पर नकुड़ विधानसभा सीट से ही लड़ने की संभावना है।
कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के साथ ही नकुड़ विधानसभा के विधायक व आयुष राज्यमंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी को लेकर भी अटकलें तेज हो गईं थी। पिछले दो दिन से भाजपा छोड़ कर जल्द सपा में शामिल होने की अफवाह उड़ रही थी। इससे पहले मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी का वीडियो जारी हुआ था जिसमें उन्होंने अफवाह पर विराम लगाते हुए कहा था कि वो भाजपा में हैं और भाजपा में ही रहेंगे।
स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ ही डॉ. धर्म सिंह सैनी ने बसपा छोड़ कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद भाजपा ने 2017 के विस चुनाव में नकुड़ सीट से ही लड़वाया था, जिसमें उन्होंने जीत दर्ज की थी। योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में वह आयुष राज्यमंत्री थे।
बीते मंगलवार को स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपने पद से इस्तीफा दिया और अखिलेश यादव से मुलाकात की। अचानक हुए घटनाक्रम से सियासी हल्के में अटकलें तेज हो गईं थी कि मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी भी मौर्य की तरह इस्तीफा देंगे। आखिर वही हुआ और गुरुवार को धर्म सिंह सैनी ने पद से इस्तीफा दे दिया। अब वह समाजवादी पार्टी ज्वॉइन कर सकते हैं।