मथुरा वृंदावन से फायनल हैं श्रीकांत की टिकट

मथुरा। नई दिल्ली में आज भारतीय जनता पार्टी शीर्ष संगठन की बैठक में यह तय हो गया कि मथुरा वृंदावन विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी श्रीकांत शर्मा ही चुनाव लड़ेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम की जो चर्चा चल रही थी उस पर अब विराम लग गया है। हालांकि अभी पूरी तरह नाम क्लियर होने में 5 दिन लग सकते हैं क्योंकि भाजपा 16 या 17 जनवरी को प्रथम चरण के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी। मथुरा वृंदावन से स्थानीय तौर पर करीब एक दर्जन लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किए हैं।
मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र शर्मा पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ डी पी गोयल पूर्व महानगर अध्यक्ष चेतन पाराशर पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रविंद्र पांडे ने भी अपने स्तर से चुनाव लड़ने का मन बनाया है और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क किया है।
पूर्व महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल का मानना है कि मथुरा वृंदावन की जनता भारी प्रत्याशियों से परेशान हो चली है अब हाईकमान को स्थानीय कार्यकर्ता को ही टिकट देनी चाहिए। काफी संख्या में पार्टी के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी बदलाव की आस में लगे हुए हैं। उधर ऊर्जा मंत्री अपने से नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने में जुट गए हैं। उनके सामने सबसे बड़ा रोड़ा आ रहा है कि मथुरा वृंदावन के प्रतिष्ठित नागरिक उद्यमी जो उनसे 5 साल से सम्मान की चाहत रखते थे वो बड़ी संख्या में खफा है। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने अपने पूरे कार्यकाल में किसी से भी व्यक्तिगत संबंध बनाना उचित नहीं समझा जिस कारण जिसे आम मतदाता कहा जाता है वह उनसे बिला बजह खफा है और तो और जिला स्तर पर भारतीय जनता पार्टी की रीढ़ कहे जाने वाले r.s.s. संगठन के पदाधिकारी भी उनके व्यवहार से नाखुश है। श्रीकांत शर्मा के नजदीकी सूत्रों का कहना है कि वह जल्दी ही सभी लोगों से मिलकर नाराजगी दूर कर देंगे।
सूत्रों का कहना है कि पूर्व में चर्चा थी कि भाजपा हाईकमान प्रदेश में करीब डेढ़ सौ से लेकर 200 विधायकों के टिकट काटेगा लेकिन अब जिस तरह से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी में शामिल होने का दौर चला है उससे रणनीति तहस नहस हो गई है। इस कारण अब काफी दागदार नेता टिकट कटने की स्थिति से बच गए हैं।