जौनपुर । उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जन विश्वास यात्रा के दौरान जौनपुर में आयोजित जनसभा में विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार के शानदार कामों की बदौलत भाजपा को जनता अगले 25 साल तक सत्ता में रखने का मन बना चुकी है।
मौर्य ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को 2022 ही नहीं, 2027 के चुनाव में भी अपनी जीत की कोई उम्मीद करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दलील दी कि 2019 में बुआ भतीजे एक होकर कुछ नहीं कर सके और भाजपा की झोली में यूपी की 64 सीटें गयीं, तो इस बार ये लोग क्या कर लेगे जब कि अलग अलग हैं।
मौर्य कहा कि भाजपा की जन विश्वास यात्रा को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ने 2014 से भाजपा की विजय यात्रा को जारी रखा है और आगे भी यह सिलिला जारी रहेगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का एजेंडा सबका विकास सबका विश्वास के साथ गरीबो, किसानो का विकास और मातृ शक्ति के विकास के साथ उनकी सुरक्षा भी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि चुनावी बेला में विपक्ष के नेता चुनावी हिन्दू बने है और मन्दिरो में दर्शन पूजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाद में ये लोग गिरगिट की तरह रंग बदल लेते है। जनता ऐसे नेताओं की सच्चाई से वाकिफ है।