मथुरा में कचहरी पर चल रही अवैध पार्किंग का मामला पहुंचा हाईकोर्ट

मथुरा। जिला सत्र न्यायाधीश व जिलाधिकारी के कार्यालय के पास पार्किंग के नाम पर हो रही अवैध वसूली को लेकर समाज सेवी चूना कंकड निवासी प्रकाश चंद अग्रवाल ने गत दिवस मा.उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दाखिल की है। उक्त याचिका को न्यायालय ने मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी व थाना सदर बाजार पुलिस की आख्या को देखने के पश्चात सुनवाई योग्य माना है। जिस पर न्यायालय द्वारा संभवतः इसी सप्ताह सुनवाई भी की जायेगी।

बता दें कि सिविल लाइन क्षेत्र में कचहरी के पास बार एसो. लिखी पर्ची के जरिये कुछ लोगों द्वारा वाहनों को खडे करवा कर उनसे वसूली की जा रही थी। जिसको लेकर समाजसेवी प्रकाश चंद ने निगम कार्यालय के मुख्य द्धार पर पिछले 7 नबम्वर से लेकर 13 नबम्वर तक धरना प्रर्दशन किया था और मामले से नगर निगम प्रशासन को अवगत कराते हुए पूछा कि क्या निगम के द्वारा इस क्षेत्र में कोई पार्किंग ठेका उठाया गया है तो निगम के कर निर्धारण अधिकारी द्वारा जबाव में कहा गया कि निगम के द्वारा इस क्षेत्र में कोई पार्किंग ठेका नही उठाया गया है। इसके बाद सदर बाजार थाने में की गयी शिकायत पर थाना पुलिस ने यहां संचालित पार्किंग को बार ऐसो. द्वारा संचालित बताते हुए शिकायत कर्ता को इस क्षेत्र का स्वामित्व नगर निगम का बताने के साथ ही यहां शिकायत करने की सलाह दी। जिस पर शिकायत कर्ता श्री अग्रवाल ने बिगत दिवस मा. उच्च न्यायालय में याचिका दायर करते हुए साक्ष्य के तौर पर बार एसो. लिखी पर्ची, पुलिस और निगम की आख्या प्रस्तुत की है।