विमल कुमार
आगरा। एक 88 वर्षीय बुजुर्ग की वसीयत की पूरे शहर में चर्चा हो रही है बुजुर्ग को बेटों ने सहारा नहीं दिया तो उन्होंने अपनी सारी संपत्ति जिलाधिकारी आगरा के नाम कर दी उन्होंने संपत्ति की रजिस्टर्ड वसीयत सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपी है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना छत्ता क्षेत्र के पीपल मंडी निवासी गणेश शंकर पांडे ने अपने भाई नरेश शंकर पांडे, रघुनाथ और अजय शंकर के साथ मिलकर 1983 में 1 हजार वर्ग गज जमीन खरीद कर आलीशान मकान बनवाया था वक्त के साथ चारों भाइयों ने अपना बंटवारा कर लिया। वर्तमान में गणेश शंकर चौथाई मकान के मालिक हैं और मकान की कीमत लगभग 13 करोड़ है।
गणेश शंकर के अनुसार उनके बेटे उनका ध्यान नहीं रखते हैं समझाने पर बेटों ने उनसे नाता तोड़ दिया लिया इस बात से खफा होकर उन्होंने अपनी सारी संपत्ति जिलाधिकारी आगरा के नाम कर दी। गणेश शंकर ने जनता दर्शन में कलेक्ट्रेट जाकर उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट प्रतिपाल चौहान को रजिस्टर्ड वसीयत सौंपी है। सिटी मजिस्ट्रेट प्रतिपाल चौहान के अनुसार उन्हें वसीयत प्राप्त हुई है और जो जगह उन्होंने जिलाधिकारी आगरा के नाम की है वो करोड़ों की कीमत की है।