गैंगरेप पीड़िता के परिजनों को योगी सरकार ने किया 12 लाख रुपए की सहायता देने का एलान

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने में लगे

मथुरा। गैंगरेप पीड़िता के परिजनों को उत्तर प्रदेश शासन अलग-अलग दो योजनाओं के माध्यम से 12 लाख रुपए की सहायता देगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। उधर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने में लगे है। पुलिस ने पीड़िता के घर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे है। लोगों को परिजनों से मिलने रोक दिया गया है। समाजवादी पार्टी के नेता लोकमणि जादोन ने जोड़तोड़ कर परिजनो से मुलाक़ात की है। सपा ने कड़ी कार्यवाही न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इस घटना पर सरकार को घेरा है।

जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. गौरव ग्रोवर ने कोसीकलां की घटना में पीड़िता एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर शासन एवं जिला प्रशासन की ओर से दी जाने वाली सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पीड़िता के परिवार को उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के अन्तर्गत सात लाख रू. की सहायता राशि प्रदान की जायेगी।
जिलाधिकारी द्वारा पीड़िता के परिवार से बातचीत करने के दौरान पता चला कि कुछ दिन पूर्व में पीड़िता के पिता की दुर्घटना में मृत्यु हो गयी थी इसके लिए जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अन्तर्गत उन्हें पांच लाख रू. की सहायता देने हेतु कार्यवाही की जायेगी। पीड़िता की माता को निराश्रित महिला पेंशन योजना के अन्तर्गत पेंशन स्वीकृत कराने की कार्यवाही की जायेगी। साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अन्तर्गत दी जाने वाली सहायता भी उपलब्ध करायी जायेंगी। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री के विवेकाधीन कोष से यथासंभव आर्थिक सहायता देने हेतु कार्यवाही की जायेगी।

जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार से कहा कि शासन एवं प्रशासन की ओर से यथासंभव सहायता देने के साथ-साथ त्वरित न्याय दिलाने के लिए कानूनी सहायता भी प्रदान की जायेगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से भी लाभान्वित किया जायेगा।