मथुरा। जनपद में अब तक डेंगू, मलेरिया एवं अन्य बीमारियों से लगभग 14 लोगों की मृत्यु हुई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक बीमार वाले घर का सर्वे किया जा रहा है और आवश्यकता अनुसार उन्हें मेडिकल किट वितरण, एन्टीलारवा का छिड़काव भी किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ रचना गुप्ता ने बताया कि कोई भी व्यक्ति घबराये नहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम आपके साथ है। उन्होंने कहा कि किसी भी जानकारी तथा सूचना के लिए कन्ट्रोल रूम के नम्बर- 0565 2974286, 0565 2974278, 0565 2974255, 0565 2974290, 0565 2974271 तथा 0565 2974266 पर दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि आज कन्ट्रोल रूम पर 07 कॉल्स आयी जिन्हे तत्काल स्वास्थ्य टीम भेजकर आवश्यक कार्यवाही की गयी है।
आज स्वास्थ्य विभाग टीम ने 18 गांवों का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्साधिकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों द्वारा गांव-गांव का निरीक्षण किया जा रहा है और लोगों से बीमार व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि स्वर्ण जयन्ती अस्पताल से आज सात लोग सही होकर अपने घर लौटे हैं। इसी प्रकार प्रयास है कि सभी लोग शीघ्र ठीक होकर अपने-अपने घर पहुॅच सकें। उन्होंने बताया कि जनपद में 700 जांचों में से 258 डेंगू, 48 लेटोस्फोटियोसिस, 29 स्क्रब टाइफस और 24 मलेरिया के व्यक्ति पॉजिटिव हैं।