मथुरा। जनपद में साप्ताहिक दो दिवसीय पूर्ण लाक डाउन को लेकर आवाज उठने लगी है। ब्रज वासियों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि शनिवार और रविवार को प्रमुख मंदिरों के आसपास के अलावा अन्य मिष्ठान विक्रेताओं की दुकानों को भी खोलने की अनुमति प्रदान की जाए ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद आसानी से सुलभ हो सके। इसके अलावा चाट पकोड़ी कचौड़ी की दुकानें भी खुलना बहुत आवश्यक है।
इस संबंध में व्यापारी नेता पार्षद मदन मोहन श्रीवास्तव और भाजपा नेता चिंता हरण चतुर्वेदी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर मजिस्ट्रेट जवाहर लाल श्रीवास्तव से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान नगर मजिस्ट्रेट को अवगत कराया गया कि 2 दिन के लाक डाउन में हलवाईयों और कच्चा खाद्य सामान बेचने वाले दुकानदारों को भारी हानि का सामना उठाना पड़ रहा है।
व्यापारी नेताओं ने बताया कि रक्षाबंधन त्यौहार के अलावा अगस्त माह में अन्य त्योहारों पर रविवार और शनिवार को दुकानें बंद रहने से आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रतिनिधिमंडल में महेश खंडेलवाल शंकर मिठाई वाले श्याम कालीचरण मिठाई वाले श्याम शर्मा त्रिलोकी ओमा कचौड़ी वाले शिव कुमार रावत आदि उपस्थित रहे। नगर मजिस्ट्रेट ने उनकी मांग शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।