मथुरा में वृद्ध महिला की निर्मम हत्या से सनसनी, खून से लथपथ शव सीढ़ियों पर मिला
सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम; सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
मथुरा। शहर कोतवाली क्षेत्र के बंगाली घाट चौकी अंतर्गत चूना कंकड़ गली में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर में अकेली रह रही वृद्ध महिला कुसुम चतुर्वेदी का खून से लथपथ शव मकान की सीढ़ियों पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 85 वर्षीय सुमन चतुर्वेदी अपने घर में अकेली रहती थीं। रविवार सुबह घर में काम करने वाली महिला आई तो उसने शव देखकर चीख पुकार मचाई।
भागकर उसने पड़ोसियों को बुलाया सीढ़ियों पर वृद्ध महिला का खून से सना शव का दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, ताकि महिला की मौत के कारणों और घटना से जुड़े संभावित पहलुओं का पता लगाया जा सके। अचानक हुई इस घटना से इलाके के लोगों में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। बताया जाता है मृतका की चार बेटी हैं और एक बेटा है। बेटा अनुपम आगरा में काम करते हैं। वह कभी कभार घर पर आते हैं।
कुछ लोगों का कहना है कि मृतक महिला के कानों से कुंडल और हाथ से सोने के कड़े गायब हैं। चर्चा है कि घर में महिला के अकेले रहने की सभी को जानकारी थी इस हत्या में किसी परिचित का ही हाथ हो सकता है।